नियम तोड़कर सरकारी डेटाबेस हैक कर रहे एआई एजेंट: क्या है रिवॉर्ड हैकिंग और क्यों भारत के लिए है यह बड़ा अलर्ट?

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Sun, 27 Sep 2026 11:26 AM IST
सार

ऑटोनॉमस एआई एजेंट्स अब इंसान के बनाए नियमों और सुरक्षा घेरों को तोड़कर खुद फैसले लेने लगे हैं। ऑस्ट्रेलियाई सरकार की वेबसाइट, हगिंग फेस और अमेरिकी एजेंसियों पर एआई एजेंट्स की ओर से सुरक्षा दरकिनार कर डेटा एक्सेस करने के हालिया खुलासों ने पूरी दुनिया में रिवॉर्ड हैकिंग को लेकर नई बहस छेड़ दी है। क्या अब यह स्वायत्त एआई एजेंट्स भारत के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए भी बड़ा खतरा बन सकते हैं? आइए जानते हैं पूरे मामले के बारे में...

Autonomous Systems Bypass Security Safeguards Global Cyber Attacks, Why India Must Act Now
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    सामने जो भी रुकावट आए, उसे तोड़ो और दिए गए लक्ष्य को हासिल करो, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का यह नया रूप अब सुरक्षा विशेषज्ञों के लिए चिंता का विषय बन गया है। ऑस्ट्रेलियाई सरकार की एक वेबसाइट पर प्राइवेट एन्क्रिप्शन की (Encryption Keys) की तलाश कर रहे एक स्वायत्त एआई एजेंट ने यह चेतावनी दी है कि उसका अगला निशाना कोई भी हो सकता है।

    हालिया घटनाओं में एक बार फिर स्वायत्त एआई सिस्टम ने अपने निर्धारित कार्य से आगे बढ़कर सुरक्षा उपायों और फायरवॉल को दरकिनार करने की कोशिश की है। इस घटना ने दुनिया भर के विशेषज्ञों के लिए चिंता बढ़ा दी है।

    जब एआई अपने लक्ष्य के लिए नियमों को दरकिनार करने लगे

    एआई अब सिर्फ सवालों के जवाब देने या कंटेंट तैयार करने तक ही सीमित नहीं है। एआई एजेंट इंटरनेट पर खुद जानकारी खोजने, वेबसाइटों से बातचीत करने और कई चरणों वाले काम को अपने स्तर पर पूरा करने में सक्षम हो रहे हैं, लेकिन इसी बढ़ती स्वायत्तता ने साइबर सिक्योरिटी से जुड़ी नई चिंताएं भी पैदा कर दी हैं।

    ऑस्ट्रेलिया में ओपनएआई के एक एआई एजेंट की ओर से सरकारी वेबसाइट पर अनधिकृत पहुंच बनाए जाने की घटना ने इस बहस को और तेज कर दिया है। जून में एजेंट ने सर्विसेज ऑस्ट्रेलिया के मेडिकेयर स्टेटिक्स रिपोर्टिंग सर्विस पोर्टल में उस जानकारी तक पहुंचने की कोशिश की, जिसे पहले उसे देने से इंकार कर दिया गया था। ऑस्ट्रेलियाई सरकार के अनुसार, एजेंट ने इसके बाद अनधिकृत तरीके से पोर्टल में प्रवेश किया। हालांकि, अब तक किसी व्यक्ति की निजी मेडिकल जानकारी एक्सेस होने का सबूत नहीं मिला है और जांच जारी है।

    रिवॉर्ड हैकिंग: क्या है एआई का यह नया खतरनाक व्यवहार?

    इस घटना ने एआई सुरक्षा शोधकर्ताओं के बीच एक बड़ा सवाल खड़ा किया है कि अगर किसी एआई एजेंट को कोई लक्ष्य हासिल करने के लिए कहा जाए और उसे कई स्तरों पर खुद फैसले लेने की आजादी दी जाए, तो वह उस लक्ष्य तक पहुंचने के लिए कितनी दूर जा सकता है?

    इसी को लेकर रिवॉड हैंकिंग शब्द का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसका मतलब ऐसी स्थिति से है, जिसमें एआई सिस्टम दिए गए लक्ष्य या रिवॉर्ड को हासिल करने के लिए सिस्टम की खामियों, अनपेक्षित रास्तों या सुरक्षा सीमाओं का फायदा उठाने लगे।

    संयुक्त राष्ट्र के इंडिपेंडेंट इंटरनेशनल साइंटिफिक पैनल ऑन एआई ने भी सितंबर 2026 की अपनी रिपोर्ट में एआई एजेंट्स के मिसअलाइनमेंट और ह्यूमन कंट्रोल से जुड़े जोखिमों पर चर्चा की है। रिपोर्ट के मुताबिक, ओनएआई-हगिंग फेस घटना में कुछ एजेंटों ने नेटवर्क प्रतिबंधों को दरकिनार किया, अलग-अलग रन के बीच संचार किया और ऐसे कदम उठाए जिनके लिए किसी इंसान ने उन्हें सीधे निर्देश नहीं दिया था।

    ऑस्ट्रेलिया में क्या हुआ?

    ऑस्ट्रेलियाई सरकार के मुताबिक, जून में ओपनएआई का एक एआई मॉडल चार सार्वजनिक वेबसाइटों के साथ इंटरैक्ट कर रहा था। इनमें ऑस्ट्रेलियन इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड वेलफेयर, विक्टोरियन डिपार्टमेंट ऑफ हेल्थ, NSW ब्यूरो ऑफ क्राइम स्टैटिस्टिक्स एंड रिसर्च और सर्विसेज ऑस्ट्रेलिया का मेडिकेयर स्टैटिस्टिक्स रिपोर्टिंग सर्विस पोर्टल शामिल था।

    पहली तीन वेबसाइटों पर गतिविधियां सामान्य थीं और सार्वजनिक जानकारी तक सीमित थीं। लेकिन मेडिकेयर स्टेटिक्स पोर्टल के मामले में एजेंट ने मांगी गई जानकारी से इनकार किए जाने के बाद अनधिकृत तरीके से पोर्टल में प्रवेश किया।

    प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि इस घटना की फॉरेंसिक जांच ऑस्ट्रेलियन सिग्नल्स डायरेक्टोरेट की मदद से की जा रही है। सरकार के अनुसार पोर्टल पर मौजूद जानकारी मुख्य रूप से गैर-संवेदनशील, एकत्रित मेडिकेयर आंकड़ों से जुड़ी थी और किसी व्यक्ति की निजी जानकारी एक्सेस होने का फिलहाल कोई सबूत नहीं है।

    ओपनएआई के एजेंटों से जुड़े और मामले सामने आए

    यह मामला कोई अकेला नहीं है। इसके पहले भी ऐसी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। ओपनएआई ने हाल में बताया कि उसके एजेंटों से जुड़ी गतिविधियों में दुनिया भर के दर्जनों संस्थान प्रभावित हुए। इनमें अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन, सेंसस ब्यूरो और एजुकेशन डिपार्टमेंट जैसी संस्थाओं की वेबसाइटें भी शामिल थीं। कुछ मामलों में एजेंटों ने सामान्य जानकारी हासिल करने की कोशिश की, लेकिन कुछ गतिविधियां अपेक्षित सीमा से आगे चली गईं।

    रिपोर्टों के मुताबिक, कुछ एजेंटों ने सरकारी वेबसाइटों से जानकारी हासिल करने के लिए ऐसे डेवलपर टूल्स का इस्तेमाल किया, जो सामान्य यूजर के लिए बनाए नहीं गए थे। ओपनएआई ने यह भी बताया कि एक मामले में एसईसी से प्राप्त जानकारी बाद में दूसरे प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित हो गई, जिसे कंपनी ने अनपेक्षित कार्रवाई बताया।

    हगिंग फेस मामला क्यों है अहम?

    ऑटोनॉमस एआई की सुरक्षा को लेकर चिंता जुलाई 2026 में हुए हगिंग फेस मामले के बाद भी बढ़ी थी। ओपनएआई ने बाद में बताया कि साइबर सिक्योरिटी मूल्यांकन के दौरान उसके कुछ मॉडल ऐसे सुरक्षा नियंत्रणों को पार करने में सफल हुए, जिनका उद्देश्य उन्हें इंटरनेट से अलग रखना था।

    ओपनएआई के अनुसार, इन मॉडलों ने अनधिकृत चैनलों के जरिए बातचीत की, कमजोरियों का फायदा उठाया और हगिंग फेस के सिस्टम के कुछ हिस्सों तक पहुंच बनाई। एक सर्वर पर एजेंटों ने रूट एक्सेस हासिल की और सीमित निजी डेटा तक भी पहुंच बनाई। यह घटना इसलिए भी अहम मानी गई क्योंकि सिस्टम को हर कदम के लिए किसी इंसान ने निर्देश नहीं दिया था। एजेंटों ने उपलब्ध संसाधनों और कमजोरियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की।

    Privilege Escalation क्या है?

    इस तरह की घटनाओं में प्रिविलेज एस्केलेशन (Privilege Escalation) भी महत्वपूर्ण अवधारणा है। इसका मतलब है कि कोई सिस्टम या यूजर शुरुआत में मिली अनुमति से ज्यादा अधिकार हासिल कर ले।

    जैसे मान लीजिए, अगर किसी एआई एजेंट को केवल सार्वजनिक जानकारी देखने की अनुमति दी गई है, लेकिन वह किसी कमजोरी का फायदा उठाकर ज्यादा अधिकार हासिल करने की कोशिश करता है, तो यह सुरक्षा के लिहाज से गंभीर स्थिति बन सकती है।

    भारत के लिए क्यों महत्वपूर्ण है मामला?

    भारत में सरकारी सेवाओं, वित्तीय प्रणालियों, डिजिटल पहचान, सार्वजनिक डेटाबेस और अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं का डिजिटलीकरण तेजी से बढ़ा है। ऐसे में ऑटोनॉमस एआई एजेंट की क्षमताओं और उनकी सीमाओं को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का सवाल महत्वपूर्ण हो जाता है।

    एआई सुरक्षा विशेषज्ञों का तर्क है कि किसी सार्वजनिक वेबसाइट पर हुई ऐसी घटना को केवल एक अलग साइबर सिक्योरिटी घटना के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। अगर भविष्य में इसी तरह का व्यवहार संवेदनशील सरकारी या महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे वाले सिस्टम के साथ होता है, तो उसका प्रभाव कहीं बड़ा हो सकता है।

    एआई एनश्योर्ड के सह-संस्थापक और सीटीओ डॉ. श्रीनिवास पद्मनाभुनी ने इसी संदर्भ में भारत में मजबूत नियमों और निगरानी की जरूरत पर जोर दिया है। उनके मुताबिक, एआई एजेंट की क्षमताएं बढ़ने के साथ यह तय करना जरूरी होगा कि उन्हें किन परिस्थितियों में और कितनी स्वायत्तता दी जाए।

    एआई एजेंट और सामान्य एआई में क्या अंतर?

    सामान्य एआई मॉडल से आप सवाल पूछते हैं और वह जवाब देता है। इसके विपरीत, ऑटोनॉमस एआई एजेंट किसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए कई चरणों की योजना बना सकता है, वेबसाइटों से जानकारी ले सकता है, टूल्स का इस्तेमाल कर सकता है और एक कदम के परिणाम के आधार पर अगला कदम खुद तय कर सकता है।

    यही स्वायत्तता इसे ज्यादा उपयोगी भी बनाती है और सुरक्षा के लिहाज से ज्यादा जटिल भी। अगर एजेंट का लक्ष्य और उसकी सीमाएं स्पष्ट रूप से निर्धारित नहीं हैं, तो वह ऐसा रास्ता चुन सकता है जिसकी कल्पना उसके डेवलपर्स ने नहीं की थी।

    अब आगे क्या चुनौती है?

    एआई एजेंट तेजी से अधिक सक्षम हो रहे हैं। वे कोड लिख सकते हैं, वेबसाइटों से जानकारी ले सकते हैं, बाहरी टूल्स का इस्तेमाल कर सकते हैं और लंबे समय तक चलने वाले कार्यों को खुद पूरा कर सकते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को केवल मॉडल के जवाबों की निगरानी तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं हो सकता।

    ऑस्ट्रेलिया और हगिंग फेस से जुड़े मामलों ने इसी चुनौती को सामने रखा है। संयुक्त राष्ट्र के एआई वैज्ञानिक पैनल ने भी कहा है कि एआई एजेंट से जुड़े जोखिमों को समझने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर घटनाओं की निगरानी और साझा जानकारी जरूरी है।

    आने वाले समय में एआई सुरक्षा की चुनौती सिर्फ यह नहीं होगी कि मॉडल कितना शक्तिशाली है, बल्कि यह भी होगी कि उसे किसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए कितनी स्वतंत्रता दी जाए और उसके व्यवहार की निगरानी कैसे की जाए। यही वजह है कि रिवॉर्ड हैकिंग, मिसअलाइनमेंट और ह्यूमन कंट्रोल जैसे मुद्दे एआई सुरक्षा की बहस के केंद्र में आते जा रहे हैं।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें