AppleCare+ Theft and Loss: आईफोन चोरी होने या खो जाने पर मिलेगा नया फोन, एपल लेकर आया थेफ्ट एंड लॉस प्लान

सुयश पांडेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीसुयश पांडेय
Wed, 19 Nov 2025 03:34 PM IST
सार

एपल ने भारत में अपने आईफोन प्रोटेक्शन प्रोग्राम को अपडेट किया है। कंपनी ने एक नया एपलकेयर+ थेफ्ट एंड लॉस प्लान लॉन्च किया है, जिसमें आपका आईफोन चोरी हो जाने या खो जाने पर भी रिप्लेसमेंट मिलेगा। यूजर्स 799 रुपए/महीने में प्लान का लाभ उठा सकते हैं।

AppleCarePlus with Theft and Loss for iPhone plans start at INR 799
अब चोरी हो जाने या खो जाने पर भी मिलेगा एपलकेयर+ का आईफोन प्रोटेक्शन (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : Apple

    विस्तार

    एपल ने भारत में अपने आईफोन प्रोटेक्शन प्रोग्राम को अपडेट किया है। कंपनी ने एक नया एपलकेयर+ थेफ्ट एंड लॉस प्लान लॉन्च किया है, जिसमें आपका आईफोन चोरी हो जाने या खो जाने पर भी रिप्लेसमेंट मिलेगा। भारत में यह सुविधा पहली बार शुरू हुई है। अब यूजर्स मासिक या सालाना पेमेंट के साथ अपनी सुविधा के हिसाब से प्लान चुन सकते हैं।

    एपलकेयर+ क्या है?

    एपलकेयर+ एक एक्सटेंडेड प्रोटेक्शन सर्विस है, जो आईफोन की स्टैंडर्ड एक साल की वॉरंटी से ज्यादा कवरेज देती है। पहले इसमें सिर्फ एक्सीडेंटल डैमेज रिपेयर, बैटरी सर्विस, प्रायोरिटी सपोर्ट जैसे फायदे मिलते थे। अब इसमें नया मंथली सब्सक्रिप्शन विकल्प भी शामिल हो गया है, जिससे यूजर्स हर महीने पेमेंट कर सकते हैं।

    एपलकेयर+ थेफ्ट एंड लॉस प्लान में क्या है नया?

    इस प्लान की शुरुआत 799 रुपए प्रति महीने से होती है। हर साल दो बार तक चोरी या खोने पर आईफोन रिप्लेसमेंट मिल सकता है। दावे की प्रक्रिया पूरी करने पर एपल आपका डिवाइस बदलकर नया आईफोन दे देगा। पहले भारत में ऐसी सुविधा नहीं थी, इसलिए लोगों को थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस पर निर्भर रहना पड़ता था।

    प्लान में क्या-क्या मिलता है?

    थेफ्ट एंड लॉस प्लान में आपको स्टैंडर्ड एपलकेयर+ के सभी फायदे जैसे अनलिमिटेड एक्सीडेंटल डैमेज रिपेयर, 24/7 प्रायोरिटी टेक सपोर्ट, बैटरी हेल्थ कम होने पर बैटरी सर्विस, एपल स्टोर या अधिकृत सर्विस सेंटर पर रिपेयर और रिप्लेसमेंट मिलती हैं।

    खरीदना और संचालन करना हुआ आसान

    अब यूजर्स सीधे अपने आईफोन, आईपैड या मैक की सेटिंग्स एप से प्लान की वैधता की जांच कर सकते हैं, उपलब्ध विकल्प देख सकते हैं, वहीं से एपलकेयर+ खरीद सकते हैं। खरीदने के साथ ही कवरेज तुरंत शुरू हो जाती है।

    भारत में आईफोन के लिए अब वैश्विक मानक जैसी सुरक्षा

    इस नए अपडेट के बाद एपल ने भारत के प्रोटेक्शन प्लांस को वैश्विक बाजार के बराबर कर दिया है। अब आईफोन यूजर्स के पास ज्यादा सुरक्षित और अनुकूल सुरक्षा विकल्प हैं। जो लोग अधिक जानकारी चाहते हैं वे एपल की इंडिया आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं या अपने आईफोन की सेटिंग्स एप में भी प्लान चेक कर सकते हैं।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें