एपल लवर्स के लिए खास होगा अक्तूबर का आखिरी हफ्ता: पेश होंगे OLED डिस्प्ले वाले नए गैजेट, जानें क्या होगा लॉन्च

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Tue, 20 Oct 2026 11:53 AM IST
सार

एपल के नए डिवाइसेस का इंतजार कर रहे यूजर्स के लिए अक्तूबर का आखिरी हफ्ता बेहद खास होने वाला है। कंपनी 28 अक्तूबर को 'प्रो एंड टेल' (Pro & Tell) नाम से अपने नए प्रोडक्ट्स दुनिया के सामने पेश करने की तैयारी में है। आइए जानते हैं एपल के इस अपकमिंग इवेंट में क्या-क्या खास होने वाला है...

Apple’s ‘Pro and Tail’ Reveal, Touchscreen MacBook Pro, OLED iPad Mini 8 Expected
28 अक्तूबर को हो सकता है एपल का अगला इवेंट - फोटो : amarujala.com

    विस्तार

    एपल अपने आगामी प्रो एंड टेल इवेंट के तहत 28 अक्तूबर को नए प्रोडक्ट्स पेश करने की तैयारी में है। यह किसी पारंपरिक लॉन्च इवेंट की बजाय प्रेस रिलीज और चुनिंदा मीडिया सदस्यों के लिए डिवाइस इस्तेमाल करने के अनुभव के जरिए हो सकता है। चर्चा है कि इस बार कंपनी ओलेड डिस्प्ले और टचस्क्रीन वाला नया मैकबुक प्रो, एम6 चिप वाले मैकबुक प्रो और आईमैक के साथ आईपैड मिनी 8 पेश कर सकता है। यह नए मॉडल छह नवंबर तक बाजार में भी आ सकते हैं।

    कब होगा एपल का अगला इवेंट और क्या होगा उसमें खास?

    • अभी अक्तूबर के पहले हफ्ते में 13 अक्तूबर को वेलकम होम इवेंट में एपल ने नए होमव्यू जैसे कई नए प्रोडक्ट्स पेश किए थे। अब कंपनी 28 अक्तूबर को प्रो एंड टेल नाम से अन्य प्राेडक्ट्स की घोषणा कर सकती है। इस बार भी पारंपरिक लाइव लॉन्च इवेंट होने की उम्मीद नहीं है।
    • जानकारी के अनुसार, कुछ मीडिया सदस्यों को लॉस एंजिल्स बुलाया गया है, जहां उन्हें नए डिवाइस खुद इस्तेमाल करके देखने का मौका मिल सकता है। बाकी लोगों को नए प्रोडक्ट्स की जानकारी प्रेस रिलीज के जरिए मिलेगी।
    • प्रेस रिलीज पैसिफिक टाइम के अनुसार सुबह दस बजे जारी होने की संभावना है। यह समय मीडिया के लिए डिवाइस इस्तेमाल करने का अनुभव शुरू होने के समय से मेल खाता है। हालांकि, एपल आमतौर पर ईस्टर्न टाइम के अनुसार सुबह 9 बजे के आसपास प्रेस रिलीज जारी करता है, इसलिए समय को लेकर अभी कुछ कंफर्म नहीं है।
    • हालांकि प्रो एंड टेल नाम से इशारा मिलता है कि मैकबुक प्रो इस घोषणा का प्रमुख हिस्सा हो सकता है। इसके अलावा कुछ नए मैक और एक नया आईपैड भी पेश किए जाने को लेकर चर्चा है।

    OLED MacBook Pro: पहली बार टचस्क्रीन की सुविधा

    नए हाई-एंड मैकबुक प्रो में डिस्प्ले और इस्तेमाल के तरीके से जुड़े बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। लीक्स के अनुसार, एपल इसमें ओलेड स्क्रीन और टचस्क्रीन की सुविधा दे सकता है। ऐसा होने पर मैक लाइनअप में पहली बार टचस्क्रीन वाला मैकबुक प्रो आ सकता है।

    OLED डिस्प्ले से क्या बदल सकता है?

    • फिलहाल सामने आई जानकारी के अनुसार, ओलेड स्क्रीन में हर पिक्सल अपनी रोशनी पैदा करता है। इससे गहरे काले रंग, बेहतर कंट्रास्ट और शानदार रंग देखने को मिल सकते हैं। कुछ परिस्थितियों में यह तकनीक बिजली की खपत कम करने में भी मदद कर सकती है।
    • नए मैकबुक प्रो में 14-इंच और 16-इंच, दोनों आकार के मॉडल में ओलेड डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है। हालांकि, ओलेड स्क्रीन की लागत अधिक होती है, इसलिए इन मॉडल की कीमत मौजूदा मैकबुक प्रो से ज्यादा हो सकती है।

    टचस्क्रीन के साथ मिलेगा ट्रैकपैड और कीबोर्ड का विकल्प

    • एपल अपने मैकओएस 27 को टच-आधारित जेस्चर के लिए अपडेट कर रहा है। इससे यूजर्स स्क्रीन पर सीधे टैप करके कुछ काम कर सकेंगे। टचस्क्रीन की सुविधा ट्रैकपैड और कीबोर्ड की जगह लेने के बजाय एक अतिरिक्त विकल्प के तौर पर मिलने की उम्मीद है। यानी यूजर चाहें तो पहले की तरह ट्रैकपैड और कीबोर्ड से भी लैपटॉप चला सकेंगे।
    • स्क्रीन पर टैप करने से डिस्प्ले हिलने की समस्या कम करने के लिए कंपनी ज्यादा मजबूत हिंज भी दे सकती है। लैपटॉप की स्क्रीन और बॉडी को जोड़ने वाला हिंज इस बदलाव में खास भूमिका निभा सकता है।

    हल्का डिजाइन और डायनामिक आइलैंड

    नए मैकबुक प्रो का डिजाइन मौजूदा मॉडल से हल्का हो सकता है, लेकिन 14-इंच और 16-इंच के आकार में बदलाव की उम्मीद नहीं है।

    एक और संभावित बदलाव नॉच को हटाकर उसकी जगह डायनामिक आइलैंड देना है। यह वही इंटरफेस है, जो एपल के कुछ आईफोन मॉडल में स्क्रीन के ऊपरी हिस्से में नोटिफिकेशन और लाइव गतिविधियों को दिखाने के लिए इस्तेमाल होता है।

    हालांकि, ये सभी बदलाव अभी रिपोर्ट्स और अफवाहों पर आधारित हैं। एपल ने इन फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

    क्या नई एम6 या एम7 चिप मिलेगी?

    • हाई-एंड ओलेड मैकबुक प्रो में नई चिप मिलने की उम्मीद फिलहाल कम है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन मॉडल में एम5 प्रो और एम5 मैक्स चिप्स का इस्तेमाल हो सकता है, जो मार्च में लॉन्च हुए मॉडल में दी गई थीं।
    • एम6 प्रो और एम6 मैक्स को लेकर भी साफ जानकारी नहीं है, जबकि एम7 प्रो और एम7 मैक्स चिप्स 2027 के आखिर तक तैयार होने की चर्चा है। ऐसे में कंपनी इस बार डिस्प्ले और डिजाइन पर ज्यादा ध्यान दे सकती है।
    • यह भी संभावना है कि एपल मौजूदा मैकबुक प्रो मॉडल की बिक्री जारी रखे और ओलेड स्क्रीन वाले मॉडल को अधिक कीमत वाले हाई-एंड विकल्प के रूप में पेश करे। पहले चर्चा थी कि ओलेड मैकबुक को मैकबुक अल्ट्रा नाम दिया जा सकता है, लेकिन मौजूदा रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी प्रो नाम ही बरकरार रख सकती है।

    एंट्री-लेवल मैकबुक प्रो में एम6 चिप की उम्मीद

    • ओलेड वाले हाई-एंड मॉडल से अलग, 14-इंच के एंट्री-लेवल मैकबुक प्रो में एम5 की जगह एम 6 चिप दी जा सकती है। मौजूदा एंट्री-लेवल मॉडल को अक्तूबर 2025 में अपडेट किया गया था। इस मॉडल में चिप के अलावा डिजाइन या अन्य बड़े बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। अगर यह अपडेट आता है, तो यूजर्स को नया प्रोसेसर मिल सकता है, जबकि लैपटॉप का बाहरी रूप पहले जैसा रह सकता है।
    • इसके अलावा एपल अपने 24-इंच आईमैक को भी एम6 चिप के साथ अपडेट कर सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार भी कंप्यूटर के बाहरी डिजाइन में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसका मतलब है कि आईमैक के नए मॉडल में मुख्य बदलाव प्रोसेसर तक सीमित रह सकता है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

    आईपैड मिनी 8 में ओलेड स्क्रीन और बेहतर वाटर रेसिस्टेंस

    नए मैक के साथ आईपैड मिनी 8 भी पेश किया जा सकता है। इस बार छोटे आकार के आईपैड में ओलेड डिस्प्ले मिलने की चर्चा है। ऐसा होने पर यह आईपैड प्रो के बाद ओलेड स्क्रीन वाला दूसरा आईपैड बन सकता है। ओलेड डिस्प्ले से रंगों और कंट्रास्ट में सुधार हो सकता है। लेकिन स्क्रीन के साथ डिवाइस के डिजाइन में भी बदलाव होने की उम्मीद है।

    स्पीकर के छेद हट सकते हैं

    • वहीं, रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि आईपैड मिनी 8 में वाइब्रेशन-आधारित स्पीकर सिस्टम दिया जा सकता है। इसमें आवाज पैदा करने के लिए डिवाइस की बॉडी में कंपन का इस्तेमाल होगा, जिससे पारंपरिक स्पीकर छेदों की जरूरत खत्म हो सकती है।
    • इस डिजाइन से टैबलेट को पानी से सुरक्षित बनाना आसान हो सकता है। आईपैड मिनी 8 पहला ऐसा आईपैड भी हो सकता है, जिसे आधिकारिक आईपी रेटिंग मिले। बता दें कि आईपी रेटिंग से पता चलता है कि कोई डिवाइस धूल और पानी से कितनी सुरक्षा देता है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि नया आईपैड केवल पानी के छींटे सह सकेगा या सीमित समय तक पानी में डूबने पर भी सुरक्षित हो सकेगा।

    आईफोन 18 प्रो वाला ए20 प्रो चिप मिलने की चर्चा

    • आईफोन 18 प्रो वाला ए20 प्रो चिप मिलने की उम्मीद है, जो आईफोन 18 प्रो मॉडल में इस्तेमाल होने की चर्चा है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि टैबलेट में 60Hz रिफ्रेश रेट रहेगा या इसे 120Hz ProMotion स्क्रीन का अपग्रेड मिलेगा।
    • फ्रंट कैमरे की जगह भी बदली जा सकती है। अभी कैमरा पोर्ट्रेट यानी टैबलेट को सीधा पकड़ने वाली दिशा में है, लेकिन नए मॉडल में इसे लैंडस्केप यानी टैबलेट को आड़ा पकड़ने वाली दिशा में शिफ्ट किया जा सकता है। एपल अपने कुछ अन्य आईपैड मॉडल में पहले ही ऐसा बदलाव कर चुका है।

    आईपैड मिनी 8 की कीमत बढ़ सकती है

    ओलेड स्क्रीन और पानी से बेहतर सुरक्षा देने वाले डिजाइन की वजह से आईपैड मिनी 8 महंगा हो सकता है। अनुमान है कि इसकी कीमत मौजूदा 599 डॉलर वाले मॉडल से करीब 200 डॉलर ज्यादा हो सकती है। यह फिलहाल एक अनुमान है, आधिकारिक कीमत नहीं।

    कब शुरू होगी बिक्री?

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, 28 अक्तूबर को घोषणा के बाद नए मैक और आईपैड मॉडल 6 नवंबर तक लॉन्च हो सकते हैं। अगर एपल अपने सामान्य प्रोडक्ट लॉन्च पैटर्न का पालन करता है, तो इन डिवाइस की प्री-ऑर्डर बुकिंग 28 अक्तूबर से ही शुरू हो सकती है। हालांकि, यहां पर एक बात ध्यान रखें कि यह खबर उपलब्ध रिपोर्ट्स और अफवाहों के आधार पर तैयार की गई है। इसलिए आधिकारिक लॉन्च तारीख, प्री-ऑर्डर की शुरुआत और उपलब्धता की पुष्टि एपल के घोषणा के बाद ही हो सकेगी।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें