एपल: आईफोन 18 प्रो के साथ लॉन्च होगा एपल का पहला फोल्डेबल फोन? लीक हुई आईफोन फोल्ड की कीमत और फीचर्स
साल भर के इंतजार के बाद टेक दिग्गज एपल (Apple) आखिरकार फोल्डेबल मार्केट में कदम रखने जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 9 सितंबर को आईफोन 18 प्रो सीरीज के साथ कंपनी अपना पहला आईफोन फोल्ड भी लॉन्च कर सकती है। अब इसकी कीमत से जुड़ी जानकारी भी सामने आ गई है।

विस्तार
लंबे समय से चल रही अफवाहों के बाद, ऐसा लगता है कि एपल अब फोल्डेबल स्मार्टफोन के बाजार में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार है। टेक जगत में यह चर्चा जोरों पर है कि कंपनी 9 सितंबर को होने वाले अपने बड़े इवेंट में बहुप्रतीक्षित आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स के साथ अपना पहला फोल्डेबल आईफोन भी दुनिया के सामने पेश कर सकती है।
हालांकि, यह एपल के इतिहास का सबसे बड़ा पल हो सकता है, लेकिन ग्राहकों तक इस डिवाइस के पहुंचने में थोड़ा वक्त लग सकता है। मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी चुनौतियों के कारण इसकी रिटेल बिक्री अक्टूबर तक खिसकने की संभावना है। फिलहाल कंपनी ने इसके नाम पर मुहर नहीं लगाई है, लेकिन टेक गलियारों में इसे आईफोन फोल्ड या आईफोन अल्ट्रा के नाम से पुकारा जा रहा है।
डिजाइन में दिखेगा कुछ अलग अंदाज
एपल अपने कंपीटिटर्स की तरह सिर्फ एक बड़ी स्क्रीन वाला फोन नहीं बना रहा है। रिपोर्ट्स की मानें तो यह एक ऐसा डिवाइस होगा, जो खुलने पर किसी छोटे टैबलेट जैसा अनुभव देगा। किताब की तरह फोल्ड होने वाले इस फोन में बंद रहने पर 5.5 इंच की स्क्रीन मिल सकती है, जबकि इसे खोलने पर 7.8 इंच का बड़ा OLED पैनल सामने आएगा। इसका 4:3 आस्पेक्ट रेशियो इसे बाजार में मौजूद अन्य फोल्डेबल फोन्स से थोड़ा ज्यादा चौड़ा और अलग बनाएगा। इसके अलावा, सॉफ्टवेयर के मोर्चे पर iOS 27 में स्क्रीन मुड़ने और हिंज के एंगल्स के हिसाब से खुद को ढालने के खास फीचर्स शामिल होने की बात कही जा रही है।
स्लिम प्रोफाइल के साथ गायब होगी क्रीज
डिजाइन को लेकर जो सबसे बड़ी बात सामने आई है, वो है इसकी स्लिम प्रोफाइल। पूरी तरह खुलने पर यह फोन महज 4.5mm पतला हो सकता है। मजबूती देने के लिए इसमें टाइटेनियम और एल्युमिनियम फ्रेम का इस्तेमाल किया जा सकता है जिससे डिवाइस बिना ज्यादा भारी हुए टिकाऊ बना रहे। सबसे अहम बात, एपल फोल्डेबल स्क्रीन के बीच में दिखने वाली लकीर (क्रीज) को खत्म करने पर बहुत जोर दे रहा है। इसके लिए अल्ट्रा-थिन ग्लास और एक खास लिक्विड-मेटल हिंज का उपयोग किया जा सकता है, जिससे स्क्रीन मुड़ने पर किसी भी तरह का निशान न दिखे।
कैमरा और सिक्योरिटी में होंगे बड़े बदलाव
फोन को इतना पतला रखने के चक्कर में कंपनी को कुछ समझौते भी करने पड़ सकते हैं। इसमें आईफोन प्रो मॉडल्स की तरह पूरा कैमरा सेटअप नहीं मिलेगा। पीछे की तरफ सिर्फ दो 48-मेगापिक्सल कैमरे (मेन और अल्ट्रा-वाइड) दिए जा सकते हैं, जबकि टेलीफोटो लेंस की कमी खल सकती है। इसके अलावा, पतले डिजाइन और TrueDepth हार्डवेयर के लिए जगह न होने के कारण शायद इसमें Face ID न मिले। इसके बजाय, एपल पावर बटन में ही Touch ID को वापस ला सकता है।
पावरफुल A20 चिप से होगा लैस
परफॉर्मेंस के मामले में यह कोई कसर नहीं छोड़ेगा। उम्मीद है कि इसमें TSMC की 2nm तकनीक पर बना दमदार A20 प्रोसेसर और 12GB RAM मिलेगी। कनेक्टिविटी के लिए नेक्स्ट-जेनरेशन C2 मॉडेम और डुअल-बैटरी सेटअप इसके खास आकर्षण हो सकते हैं। इसके अलावा, एपल इसे पूरी तरह से ई-सिम (eSIM) डिजाइन के साथ ला सकता है।
कितनी होगी कीमत?
हालांकि, इसकी कीमत ग्राहकों को थोड़ा सोचने पर मजबूर कर सकती है। लीक के अनुसार, फोल्डेबल आईफोन की शुरुआती कीमत 2,000 डॉलर से अधिक हो सकती है, जो इसे अब तक का सबसे महंगा आईफोन बना देगा। अब देखना यह है कि 9 सितंबर को एपल के मंच से क्या-क्या असलियत बनकर सामने आता है।
- गैलेक्सी बुक 6: सैमसंग का नया लैपटॉप हुआ लॉन्च, 25 घंटे की बैटरी बैकअप, जानें कीमत और खूबियां
- अपकमिंग फोन: सिर्फ आईफोन 18 ही नहीं, सितंबर 2026 में तहलका मचाएंगे ये 8 धांसू स्मार्टफोन्स; देखिए पूरी लिस्ट
- एआई प्रोफाइल की पहुंच कम करेगी इंस्टाग्राम: दिखाई देगा नया एआई लेबल, जानिए क्रिएटर्स के लिए क्या बदलेगा
- रिपोर्ट: इंटरनेट चलाने में उस्ताद, साइबर सुरक्षा में फिसड्डी; 90% भारतीय जेन-जी युवाओं ने झेला साइबर फ्रॉड