Apple: आईफोन की बल्क बिक्री पर फंसी एपल, जापान सरकार ने लगाया 870 करोड़ रुपये का अतिरिक्त टैक्स
टोक्यो रीजनल टैक्सेशन ब्यूरो का कहना है कि कंपनी ने पिछले दो वर्षों में 104.16 करोड़ डॉलर की बिक्री की है, जिसका टैक्स नहीं चुकाया गया है। टैक्सेशन ब्यूरो ने पिछले साल ही इसकी जांच शुरू की थी।

विस्तार
अमेरिकी स्मार्टफोन कंपनी एपल पर जापान में आईफोन की बल्क बिक्री को लेकर 10.5 करोड़ डॉलर ( करीब 870 करोड़ रुपये) का अतिरिक्त टैक्स लगाया गया है। एपल पर आरोप है कि कंपनी ने विदेशी पर्यटकों को आईफोन्स और अन्य डिवाइस की बल्क में ड्यूटी-फ्री बिक्री की है। बता दें कि इससे पहले आईफोन के साथ चार्जर ना देने पर ब्राजील सरकार ने एपल पर कार्रवाई कर सैकड़ों आईफोन सीज कर दिए थे।
टोक्यो रीजनल टैक्सेशन ब्यूरो का कहना है कि कंपनी ने पिछले दो वर्षों में 104.16 करोड़ डॉलर की बिक्री की है, जिसका टैक्स नहीं चुकाया गया है। दरअसल, टैक्सेशन ब्यूरो ने पिछले साल ही इसकी जांच शुरू की थी। जांच में ब्यूरो को कई असामान्य लेन-देन मिले हैं, जिनमें टूरिस्ट द्वारा सैकड़ों डिवाइस खरीदे जाने की जानकारी भी सामने आई है। यानी कंपनी पर बिक्री की जानकारी छिपाने के लिए 10.5 करोड़ डॉलर का अतिरिक्त टैक्स लगाया गया है।
बता दें कि जापान में आईफोन अन्य देशों के मुकाबले काफी सस्ते हैं। जापान में विदेशी पर्यटकों (आने के छह महीने के अंदर) को सोवेनियर या डेली यूज के इस्तेमाल वाली वस्तुएं खरीदने और उन्हें अपने साथ विदेश ले जाने की अनुमति है, लेकिन इसके लिए उन्हें टैक्स चुकाना होता है। टैक्सेशन ब्यूरो ने संदेह जताया है कि कुछ वेंडर्स जापान के ड्यूटी-फ्री सिस्टम का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं और पर्यटकों को प्रोडक्ट्स की बिक्री कर रहे हैं।
ब्राजील में भी हुई थी कार्रवाई
आईफोन के साथ बॉक्स में चार्जर ना देने के कारण एपल पर कई बार कार्रवाई हो चुकी है। हाल ही में ब्राजील की सरकार ने एपल के कई स्टोर पर iPhones को सीज किया था। इस कार्रवाई को Operation Discharge नाम दिया गया था। यह कार्रवाई एपल के सभी ऑथराइज स्टोर पर हुई थी। आपको याद दिला दें कि एपल ने iPhone 12 series के साथ चार्जर देना बंद कर दिया है और तमाम बवाल के बाद आईफोन 14 सीरीज को भी बिना चार्जर ही लॉन्च किया गया है।