Anand Mahindra: आनंद महिंद्रा ने शेयर किया मोबाइल फोन का सफर, बोले- “एक दिन दिमाग में फिट होंगे सेलफोन!”
Anand Mahindra Latest Viral Video:
उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। कई यूजर्स ने इस पर मजेदार रिएक्शन दिए हैं, तो कुछ लोग इस पर गंभीर चर्चा भी कर रहे हैं।

विस्तार
महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और आए दिन कुछ ऐसा पोस्ट कर देते हैं, जो चर्चा में आ जाता है। इस बार उन्होंने मोबाइल फोन के सफर को दिखाने वाला एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें 1991 से अब तक फोन में आए बदलाव को दिखाया गया है। इस वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने भविष्य को लेकर अपनी दिलचस्प राय भी दी, जो लोगों का ध्यान खींच रही है।
1991 से अब तक मोबाइल फोन का सफर

आनंद महिंद्रा ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें दिखाया गया है कि कैसे मोबाइल फोन ने अलग-अलग चरणों में बदलाव देखा है और साधारण डिवाइस से आज के स्मार्टफोन तक का सफर तय किया। वीडियो में 90 के दशक के बड़े और भारी मोबाइल फोन से लेकर, स्लाइडर और फ्लिप फोन होते हुए, टचस्क्रीन स्मार्टफोन तक की झलक देखने को मिलती है।
वीडियो के साथ आनंद महिंद्रा ने मजेदार अंदाज में लिखा, "हां, मैंने इन सभी तरह के सेल फोन देखे हैं। लेकिन मुझे नहीं लगता कि मैं इतना लंबा जीना चाहूंगा कि एक सेल फोन हमारे मस्तिष्क में प्रत्यारोपित हो जाए!"
उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। कई यूजर्स ने इस पर मजेदार रिएक्शन दिए हैं, तो कुछ लोग इस पर गंभीर चर्चा भी कर रहे हैं कि क्या वाकई भविष्य में ऐसा दिन आएगा जब मोबाइल सीधे इंसान के दिमाग में फिट होंगे?
तकनीकी इनोवेशन में रहती है रुचि

यह पहली बार नहीं है जब आनंद महिंद्रा ने किसी टेक्नोलॉजी से जुड़े वीडियो पर अपनी राय दी हो। इससे पहले भी वे कई इनोवेटिव आइडियाज पर अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं।
मई 2024 में उन्होंने IIT छात्रों द्वारा विकसित फ्लाइंग टैक्सी प्रोजेक्ट का वीडियो शेयर किया था, जिसे लोगों ने खूब सराहा था। वहीं, अगस्त 2023 में उन्होंने एक चीनी व्यक्ति द्वारा बनाई गई मच्छर मारने वाली डिवाइस का वीडियो शेयर किया था और उसे घरों के लिए "आयरन डोम" जैसा बताया था।
आनंद महिंद्रा का यह अंदाज लोगों को खूब पसंद आता है। वे अक्सर ऐसी दिलचस्प और प्रेरणादायक चीजें शेयर करते हैं, जो इनोवेशन को बढ़ावा देने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय भी बन जाती हैं।