डेवडे 2026: इस मॉडल की रिलीज रोकने के बाद ओपनएआई ने पेश किया नया एआई एजेंट, क्या है ऑलवेज ऑन डॉट्स की खासियत?
सुरक्षा चिंताओं के चलते एक एडवांस एआई मॉडल का रोलआउट रोकने के बाद ओपनएआई ने अपने सालाना डेवलपर कॉन्फ्रेंस में नया एआई एजेंट पेश किया है। आखिर ये एजेंट क्या कर सकेंगे और कंपनी एआई सुरक्षा को लेकर क्या तैयारी कर रही है? आइए जानते हैं इस नए एजेंट के बारे में विस्तार से...

विस्तार
ओपनएआई ने अपने सालाना डेवलपर कॉन्फ्रेंस डेवडे 2026 में नए एआई एजेंट डॉट्स पेश किए हैं। कंपनी के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने इन्हें बेहद सक्षम और हमेशा चालू रहने वाले एआई एजेंट के तौर पर पेश किया। डॉट्स को इस तरह डिजाइन किया गया है कि वे यूजर्स की ओर से चल रहे कामों को खुद आगे बढ़ा सकें और जरूरत पड़ने पर प्रोएक्टिव तरीके से मदद कर सकें।
कंपनी इन इसे ऐसे समय पेश किया, जब कुछ ही दिन पहले ओपनएआई ने अपने एक ज्यादा एडवांस्ड मॉडल जीपीटी-6.1 एस्ट्रा की रिलीज रोकने का फैसला किया था। कंपनी के अनुसार, आंतरिक टेस्टिंग में सामने आई सुरक्षा और अलाइनमेंट संबंधी चिंताओं की वजह से यह कदम उठाया गया।
यानी एक तरफ ओपनएआई ने ज्यादा स्वायत्त एआई सिस्टम की दिशा में नया कदम उठाया, वहीं दूसरी तरफ कंपनी ने एक एडवांस्ड मॉडल की रिलीज को सुरक्षा कारणों से रोक दिया।
ओपनएआई का नया डॉट्स क्या है?
- डॉट्स को ऐसे एआई हेल्पर के तौर पर पेश किया गया है, जो यूजर के साथ लगातार काम कर सके। खास बात यह है कि यह सिर्फ किसी सवाल के जवाब देने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि यूजर की ओर से चल रहे अलग-अलग कामों को संभालने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए डिजाइन किए गए हैं।
- कंपनी के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने इन्हें ऐसे एआई हेल्पर से जोड़ा जो हमेशा यूजर के साथ मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि ये उन शानदार एआई सिस्टम्स से प्रेरित हैं, जिन्हें लोग बचपन में फिल्मों में देखा करते थे।
- रिपोर्ट के मुताबिक, डॉट्स को ओपनएआई के GPT-6 Astra मॉडल से पावर किया जाता है और ये कनेक्टेड एप्स और क्लाउड कंप्यूटर के जरिए लगातार चलने वाले काम संभाल सकते हैं। कंपनी इन्हें मेटा के म्यूज जैसे पर्सनल एआई एजेंट्स के मुकाबले में भी पेश करने की तैयारी में है।
डॉट्स एजेंट लॉन्च करने से ठीक एक दिन पहले OpenAI ने किसकी रिलीज पर ब्रेक लगा दी?
- डॉट्स की घोषणा से एक दिन पहले ओपनएआई ने जीपीटी-6.1 एस्ट्रा की रिलीज रोकने की जानकारी दी थी। यह मॉडल अक्तूबर में जारी किया जाना था, लेकिन आंतरिक सुरक्षा परीक्षणों के दौरान रिसर्चर्स ने कुछ गंभीर चिंताएं दर्ज कीं।
- टेस्टिंग में मॉडल के व्यवहार को लेकर यह सवाल उठा कि वह हमेशा दिए गए निर्देशों और तय सीमाओं के भीतर काम नहीं कर रहा था। इसके अलावा, कुछ मामलों में मॉडल ने अपनी गतिविधियों के बारे में पूरी तरह स्पष्ट जानकारी नहीं दी। यही वजह रही कि कंपनी ने मॉडल को रिलीज करने के बजाय अतिरिक्त सुरक्षा और अलाइनमेंट पर काम करने का फैसला किया।
- इसके अलावा एक बात और चर्चा में आ रही है कि डेवडे के दौरान सीईओ ने डॉट्स एजेंट समेत दूसरे प्रोडक्ट अपडेट्स की जानकारी तो दी, लेकिन रोके गए GPT-6.1 Astra मॉडल से जुड़ी सुरक्षा चिंताओं पर विस्तार से चर्चा नहीं की।
- हालांकि, सवाल-जवाब के दौरान जब एआई एजेंट की सुरक्षा और निगरानी को लेकर सवाल किया गया, तो ऑल्टमैन ने कहा कि ओपनएआई एजेंट्स की सेफ्टी और मॉनिटरिंग में ज्यादा निवेश कर रही है। इससे यह संकेत मिलता है कि ज्यादा स्वायत्त एआई एजेंट्स को विकसित करने के साथ उनकी निगरानी और सुरक्षा को लेकर भी कंपनी अपना फोकस बढ़ा रही है।
एआई का मकसद इंसानों को ज्यादा कंट्रोल देना
- सैम ऑल्टमैन ने एआई के इस दौर को लेकर अपनी सोच साझा करते हुए कहा कि इसे औद्योगिक क्रांति के बजाय पुनर्जागरण (रेनेसां) का दौर माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 'एआई का सबसे अच्छा वर्शन लोगों को एक बड़ी मशीन का पुर्जा बनाने के बारे में नहीं है, जो तेजी से घूमती रहती है। जिंदगी के कुछ हिस्से ऐसे हैं जिन्हें हम ऑटोमेट नहीं कर सकते और न ही हमें करना चाहिए। एआई का असली मकसद लोगों को अपनी जिंदगी पर ज्यादा कंट्रोल देना और उन्हें कुछ नया बनाने, सीखने, खोजने व ज्ञान बढ़ाने के लिए टूल्स देना होना चाहिए।'
- उनके अनुसार, एआई का सबसे अच्छा इस्तेमाल लोगों को किसी बड़ी मशीन का सिर्फ एक पुर्जा बनाने के लिए नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिंदगी के कुछ हिस्से ऐसे हैं जिन्हें ऑटोमेट नहीं किया जा सकता और न ही किया जाना चाहिए।
- ऑल्टमैन ने AI के मकसद को लोगों को अपनी जिंदगी पर ज्यादा कंट्रोल देने और उन्हें कुछ नया बनाने, सीखने, खोजने और ज्ञान बढ़ाने के लिए ज्यादा टूल्स उपलब्ध कराने से जोड़ा।
GPT-6.1 Sol भी हुआ लॉन्च
- इस मौके पर ओपनएआई ने सिर्फ डॉट्स का एलान नहीं किया, कंपनी ने जीपीटी-6 Sol का अपग्रेडेड वर्जन GPT-6.1 Sol भी पेश किया। ओपनएआई के अनुसार, जीपीटी-6.1 Sol को कोडिंग, कंप्यूटर यूज और प्रोफेशनल वर्कफ्लो जैसे कामों के लिए ज्यादा सक्षम बनाया गया है। कंपनी इसे जीपीटी-6 एस्ट्रा के मुकाबले कम कीमत में ज्यादा करीब आने वाले मॉडल के तौर पर पेश कर रही है।
- इसके साथ ओपनएआई ने अल्ट्राफास्ट नाम का नया प्रीमियम स्पीड टियर भी पेश किया है। कंपनी के अनुसार, इसमें मॉडल की आउटपुट स्पीड काफी ज्यादा हो सकती है और कोडक्स में यह सामान्य गति की तुलना में कई गुना तेज काम कर सकता है।
ओपनएआई का फोकस अब एआई एजेंट्स पर
डाॅट्स की घोषणा से यह भी साफ होता है कि ओपनएआई एआई को सिर्फ चैटबॉट तक सीमित रखने के बजाय एजेंट आधारित सिस्टम की दिशा में आगे बढ़ा रहा है। ऐसे एजेंट यूजर की ओर से कई तरह के काम कर सकते हैं, अलग-अलग टूल्स और एप्स के साथ काम कर सकते हैं और कुछ कामों को बैकग्राउंड में आगे बढ़ा सकते हैं।
लेकिन यही बढ़ती स्वायत्तता एआई सुरक्षा से जुड़ा बड़ा सवाल भी खड़ा करती है। अगर एआई को ज्यादा काम खुद करने की अनुमति दी जाती है, तो उसके फैसलों, टूल इस्तेमाल और गतिविधियों की निगरानी कितनी प्रभावी होगी, यह आने वाले समय में अहम मुद्दा रहेगा।
एक तरफ सुरक्षा की चिंता, दूसरी तरफ तेजी से नए लॉन्च
- कंपनी की ओर से नए एजेंट की लॉन्चिंग ने एआई इंडस्ट्री में चल रही एक बड़ी बहस भी छेड़ दी है।। कंपनियां ज्यादा सक्षम और स्वायत्त एआई सिस्टम तैयार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं, लेकिन उसी के साथ सुरक्षा, निगरानी और नियंत्रण से जुड़े सवाल भी बढ़ रहे हैं।
- GPT-6.1 Astra की रिलीज रोकना इसी चिंता का एक उदाहरण है, जबकि डॉट्स जैसे एजेंट दिखाते हैं कि AI को ज्यादा स्वायत्त बनाने की दिशा में विकास भी जारी है। यानी चुनौती सिर्फ ज्यादा स्मार्ट एआई बनाने की नहीं है। चुनौती यह भी है कि जब एआई खुद ज्यादा काम करने लगे, तब उसे सुरक्षित तरीके से कैसे नियंत्रित और मॉनिटर किया जाए।
बड़ी तस्वीर क्या है?
एक्सपर्ट्स का कहना है कि एक तरफ ओपनएआई ने सुरक्षा चिंताओं के कारण जीपीटी-6.1 एस्ट्रा की रिलीज रोक दी। दूसरी तरफ उसी समय कंपनी ने Dots जैसे हमेशा चालू एआई एजेंट, GPT-6.1 Sol और अल्ट्राफास्ट जैसे नए प्रोडक्ट पेश किए।
इससे एआई इंडस्ट्री के सामने मौजूद दो अलग-अलग प्राथमिकताएं एक साथ दिखाई देती हैं, एआई को ज्यादा सक्षम और उपयोगी बनाना और उसके साथ सुरक्षा व निगरानी को मजबूत करना। आने वाले समय में यह देखना अहम होगा कि ज्यादा स्वायत्त एआई एजेंट यूजर्स के रोजमर्रा के कामों को कितना बदलते हैं और उन्हें सुरक्षित रखने के लिए कंपनियां किस तरह के कंट्रोल और मॉनिटरिंग सिस्टम तैयार करती हैं।