Alibaba: AI वॉर में अब कूदी चीन की ये बड़ी कंपनी, Deepseek से भी पावरफुल एआई मॉडल पेश करने का किया दावा
AI वॉर की इस लड़ाई में अब सबसे नई एंट्री चीन की अलीबाबा ग्रुप की है। इस ई-कॉमर्स जायंट ने ChatGPT और Deepseek से भी पावरफुल AI मॉडल लान्च करने का दावा किया है। पढ़िए पूरी खबर।

विस्तार
अभी चाइनीज AI डीपसीक (Deepseek) पर चर्चा शांत नहीं हुई कि चीन की ही एक बड़ी कंपनी ने अपना नया AI मॉडल लॉन्च कर दिया है। जिसके बारे में दावा किया जा रहा है कि ये ChatGPT और Deepseek के लेटेस्ट AI मॉडल से भी ज्यादा एडवांस है। आइए जानते हैं क्या है ये नया एआई मॉडल और इसे किसने लॉन्च किया है।

दरअसल, चीन की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अलीबाबा (Alibaba) ने बुधवार को अपने नए AI मॉडल Qwen 2.5- Max को लॉन्च किया और दावा किया कि यह DeepSeek-V3 और ChatGPT से भी ज्यादा एडवांस और पावरफुल फीचर्स के साथ पेश किया गया है। इससे AI मॉडल्स पर काम कर रही विदेशी कंपनियों पर ही नहीं, बल्कि चीनी बाजार में भी AI के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनियों के बीच कंपटीशन बढ़ गया है।
अलीबाबा का AI डीपसीक से भी बेहतर?

अलीबाबा की क्लाउड यूनीट ने अपने आधिकारिक WeChat अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा, "क्यूवेन 2.5-मैक्स लगभग सभी GPT-4o, डीपसीक-V3 और लामा-3.1-405B से बेहतर प्रदर्शन करता है।" इसमें ओपनएआई और मेटा के सबसे एडवांस ओपन-सोर्स एआई मॉडल का जिक्र किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टेनसेंट होल्डिंग्स लिमिटेड और बायडू इंक के साथ, अलीबाबा ने अपने क्लाउड सेवा क्षेत्र में महत्वपूर्ण संसाधनों का उपयोग कर रही है और अपने AI मॉडल्स की टेस्टिंग के लिए चीन के AI डेवलपर्स की मदद ले रही है।