Airtel ने लांच किया 76 रुपये का प्लान, ग्राहकों को होंगे ये फायदे

अभी हाल ही में टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने अपनी एक रिपोर्ट जारी की थी जिसमें बताया गया था कि अक्टूबर 2018 में सबसे ज्यादा नुकसान एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया को हुआ है, वहीं बीएसएनएल और जियो फायदे में रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान जियो ने अकेले 1 करोड़ से अधिक नए ग्राहक जोड़े हैं।
जियो के ग्राहकों की संख्या अक्टूबर से पहले 25.22 करोड़ थी जो अब 26.27 करोड़ हो गई है। वहीं 18.64 लाख लोगों ने एयरटेल का साथ छोड़ दिया है। अक्टूबर के अंत तक एयरटेल के ग्राहकों की कुल संख्या 34.16 करोड़ रही है। कम होते ग्राहकों को देखते हुए एयरटेल ने 76 रुपये का प्लान जारी किया है जो कि एयरटेल के नए ग्राहकों के लिए है।
सबसे पहले बता दें कि यह पहला रिचार्ज है यानि नया सिम लेने के साथ ही 76 रुपये का रिचार्ज कराना होगा। पुराने ग्राहक यह रिचार्ज नहीं करा सकते। इस प्लान के तहत ग्राहकों को 28 दिनों की वैधता के साथ 26 रुपये का टॉकटाइम मिलेगा। इस प्लान में 100 एमबी डाटा भी मिलेगा। इसके अलावा 60 पैसे की दर से लोकल व एसटीडी कॉलिंग की जा सकेगी। इस प्लान की अच्छी बात यह है कि यह प्लान 2G/3G/4G सभी ग्राहकों के लिए है।