OpenAI: भारत में सालाना आधार पर तीन गुना बढ़ी एआई अपनाने की रफ्तार, दिल्ली में जल्द खुलेगा पहला भारतीय ऑफिस
भारत में एआई को अपनाने की रफ्तार बहुत तेज हो गई है। ओपनएआई के इंटरनेशनल स्ट्रैटेजी मैनेजिंग डायरेक्टर ओलिवर जे ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले भारत में एआई की ग्रोथ तीन गुना बढ़ी है।

विस्तार
भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को अपनाने की रफ्तार बहुत तेज हो गई है। ओपनएआई के इंटरनेशनल स्ट्रैटेजी मैनेजिंग डायरेक्टर ओलिवर जे ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले भारत में एआई की ग्रोथ तीन गुना बढ़ी है। उन्होंने कहा कि भारत की युवा आबादी और नई टेक्नोलॉजी के प्रति उत्सुकता इस तेजी की सबसे बड़ी वजह है। ओलिवर जे ने कहा, "भारत में अविश्वसनीय ऊर्जा है। यहां टेक्नोलॉजी को अपनाने की गति बहुत तेज है। अगर आप भारत के लिए कुछ बनाते हैं, तो वह दुनिया के लिए भी काम करता है”। ओलिवर के मुताबिक, भारत नई पीढ़ी की टेक्नोलॉजी अपनाने में अग्रणी है, खासकर 18 से 24 साल के युवाओं की इसमें बड़ी भूमिका है।
एआई को तेजी से अपना रहे हैं भारत के डेवलपर्स और बिजनेस
ओलिवर ने बताया कि भारतीय डेवलपर्स और कंपनियां एआई टूल्स को अपनाने में काफी सक्रिय हैं। इसी कारण चैटजीपीटी में 'स्टडी मोड' जैसे कई नए फीचर जोड़े गए हैं, जो खास तौर पर भारतीय छात्रों के उपयोग के पैटर्न पर आधारित है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत में चैटजीपीटी गो को फ्री कर दिया गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे बिना किसी परेशानी के इस्तेमाल कर सकें।
भारतीय टैलेंट की तारीफ
ओलिवर ने भारत के इंजीनियरिंग टैलेंट की खूब सराहना की। उन्होंने कहा, "भारत का इंजीनियरिंग टैलेंट बेमिसाल है। यहां के डेवलपर्स सिर्फ भारत नहीं, बल्कि पूरे ग्लोबल एआई इकोसिस्टम को आगे बढ़ा रहे हैं। हम भारत के साथ साझेदारी को लेकर बहुत उत्साहित हैं।" उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में एआई भारत के शिक्षा, हेल्थ, बिजनेस और गवर्नेंस जैसे विभिन्न सेक्टर्स में बड़े बदलाव लाएगा।
जल्द खुलेगा ओपनएआई का पहला भारतीय ऑफिस
ओपनएआई इस साल के अंत तक नई दिल्ली में अपना पहला ऑफिस खोलने की योजना बना रहा है। यह कदम यह दिखाता है कि भारत में चैटजीपीटी की मांग कितनी तेजी से बढ़ रही है। आज भारत, अमेरिका के बाद चैटजीपीटी का दूसरा सबसे बड़ा मार्केट बन गया है और दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ते देशों में शामिल है।