Parliament: सरकारी पोर्टल पर 2019 से अब तक छह लाख साइबर अपराध की शिकायतें दर्ज, केंद्रीय मंत्री मिश्रा

विशाल मैथिल
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीविशाल मैथिल
Tue, 20 Dec 2022 04:03 PM IST
सार

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट के अनुसार साल 2021 में पिछले साल के मुकाबले साइबर क्राइम में 5 फीसदी की बढ़ोत्तरी देखने को मिली। साल 2021 में साइबर क्राइम के 52,974 अपराध दर्ज किए गए।

विज्ञापन
6 lakh cyber crime complaints registered on government portal since 2019 said MoS Home Ajay Mishra
राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल - फोटो : सोशल मीडिया

    विस्तार

    देश में 2019 से अब तक करीब साइबर अपराध की छह लाख शिकायतें दर्ज की गई हैं। यह जानकारी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा ने मंगलवार को दी है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2019 में सिटीजन फाइनेंशियल साइबर फ्रॉड रिपोर्टिंग एंड मैनेजमेंट सिस्टम की स्थापना के बाद से साइबर अपराध की छह लाख शिकायतें दर्ज की गई हैं। लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान उन्होंने कहा कि 1.11 लाख से अधिक शिकायतों में कार्रवाई कर अब तक 188 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय राशि बचाई जा चुकी है। बता दें कि एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार भी देश में 2020 के मुकाबले 2021 में साइबर क्राइम के 5 फीसदी मामले बढ़े हैं।

    केंद्रीय मंत्री मिश्रा ने कहा कि भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के तहत सिटीजन फाइनेंशियल साइबर फ्रॉड रिपोर्टिंग एंड मैनेजमेंट सिस्टम को साल 2019 को वित्तीय धोखाधड़ी की तत्काल रिपोर्टिंग और धोखेबाजों द्वारा धन की हेराफेरी को रोकने के लिए शुरू किया गया है। ऑनलाइन साइबर शिकायतें दर्ज करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर '1930' भी चालू किया गया है।

    विज्ञापन

    मिश्रा ने कहा कि राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपनी कानून प्रवर्तन एजेंसियों (एलईए) के माध्यम से साइबर अपराधों सहित अपराधों की रोकथाम, पता लगाने, जांच और अभियोजन के लिए मुख्य रूप से जिम्मेदार हैं। दरअसल, एलईए साइबर अपराध में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कानून के प्रावधानों के अनुसार कानूनी कार्रवाई करते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की क्षमता निर्माण के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत सलाह और वित्तीय सहायता के माध्यम से उनकी पहल को पूरा करती है।

    विज्ञापन
    विज्ञापन

    राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल

    बता दें कि 30 अगस्त 2019 को I4C के एक भाग के रूप में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (www.cybercrime.gov.in) को लॉन्च किया गया था। इस पोर्टल के तहत महिलाओं और बच्चों के खिलाफ साइबर अपराधों पर विशेष ध्यान देने के साथ साइबर अपराधों की घटनाओं की रिपोर्टिंग की जाती है। केंद्रीय मंत्री मिश्रा के अनुसार इस पोर्टल से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 27,900 से अधिक पुलिस अधिकारी रजिस्टर्ड हैं और पोर्टल के माध्यम से 7,300 से अधिक प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं।

    क्या कहते हैं राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़े

    राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट के अनुसार साल 2021 में पिछले साल के मुकाबले साइबर क्राइम में 5 फीसदी की बढ़ोत्तरी देखने को मिली। साल 2021 में साइबर क्राइम के 52,974 अपराध दर्ज किए गए, जबकि साल 2020 में अपराध के 50,035 मामले दर्ज किए गए थे। रिपोर्ट के अनुसार साइबर क्राइम के अधिकतर मामले उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, असम और महाराष्ट्र से देखने को मिले। जबकि दिल्ली में साइबर अपराध के केवल 1.7 फीसदी मामले ही देखे गए।

    आंकड़ों के अनुसार साइबर क्राइम में ज्यादातर मामले धोखाधड़ी के (करीब 32,230 मामले) देखने को मिले। यानी की साइबर क्राइम के कुल मामलों में 60.8 प्रतिशत मामले धोखाधड़ी के सामने आए। वहीं 8.6 प्रतिशत मामलों में यौन शोषण और 5.4 प्रतिशत मामलों में जबरदस्ती वसूली वाले अपराध देखने को मिले। साथ ही एनआरसीबी के अनुसार साल 2021 में साइबर आतंकवाद के भी 15 मामले दर्ज किए गए थे।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें