Cyber Security: चार साल में देश में हुए 36.29 लाख साइबर अटैक, सरकार ने खुद दी जानकारी
केंद्रीय गृह मंत्री के अनुसार 2019 से जून 2022 तक देश में 36.29 लाख साइबर सुरक्षा की घटनाएं देखी गईं हैं और सरकार ने इनकी जांच के लिए कई महत्वपूर्ण कदम भी उठाए हैं।

विस्तार
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा ने भारत में 2019 से अब तक 36.29 लाख साइबर सुरक्षा की घटनाएं होने का दावा किया है। मिश्रा ने मंगलवार को लोकसभा में एक लिखित प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि पिछले चार साल में देश के साइबर सुरक्षा में सेंध की 36.29 लाख कोशिशें हो चुकी हैं। जबकि 2021 में साइबर अटैक की सबसे ज्यादा कोशिशें की गईं हैं। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं 2019 से जून 2022 तक हुईं और सरकार ने इनकी जांच के लिए कई महत्वपूर्ण कदम भी उठाए।
मिश्रा ने कहा- भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (सर्ट-इन) की रिपोर्ट और ट्रैक की गई जानकारी के अनुसार देश में 2019 से जून 2022 तक देश में 36.29 लाख साइबर सुरक्षा की घटनाएं ट्रैक की गईं हैं। मिश्रा के अनुसार 2019 में लगभग चार लाख, 2020 में 12 लाख, 2021 में 14 लाख और 2022 में अब तक करीब 6.74 लाख साइबर सुरक्षा की घटनाएं ट्रैक हुईं हैं।
सरकार चला रही साइबर थ्रेट एक्सचेंज प्रोग्राम - मिश्रा
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि सरकार ने साइबर सुरक्षा को बढ़ाने और साइबर हमलों को रोकने के लिए कई महत्वपूर्ण उपाय किए हैं। हमने कंप्यूटर और नेटवर्क सिक्योरिटी के लिए लेटेस्ट साइबर खतरों के बारे में लगातार अलर्ट और एडवाइजरी भी जारी की है। उन्होंने कहा कि सरकार सक्रिय रूप से खतरों को कम करने और उन पर नजर रखने के लिए एक ऑटोमेटिक साइबर थ्रेट एक्सचेंज प्रोग्राम भी चला रही है।
सरकार के पास ऑडिटिंग संगठन
गृह राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार ने मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारियों (सीआईएसओ) को साइबर सुरक्षा में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका और जिम्मेदारियों के अनुपालन के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी सरकारी वेबसाइटों और अनुप्रयोगों के होस्टिंग से पहले साइबर सुरक्षा पर खास तौर पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए नियमित रूप से सरकारी वेबसाइटों और अनुप्रयोगों की साइबर सुरक्षा से संबंधित ऑडिटिंग भी की जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास सूचना सुरक्षा की जांच करने के लिए ऑडिटिंग संगठन भी मौजूद हैं ।