YouTube: अब यूट्यूब पर 5 सेकंड से ज्यादा नहीं झेलना होगा एड, इस देश ने बनाया सख्त कानून

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Fri, 09 Jan 2026 04:42 PM IST
सार

YouTube Ads Limitation In Vietnam: यूट्यूब पर वीडियो देखते समय आने वाले लंबे और न हटने वाले विज्ञापनों से हर कोई परेशान है। लेकिन अब एक देश ने इसके खिलाफ कड़ा कानून बना दिया है। वियतनाम में अब किसी भी विज्ञापन को 5 सेकंड के बाद हटाना मुमकिन होगा, जिससे दर्शकों को बड़ी राहत मिलेगी।

youtube unskippable ads limit vietnam new law 5 second rule
यूट्यूब (सांकेतिक) - फोटो : AI जनरेटेड

    विस्तार

    अगर आप यूट्यूब पर वीडियो देखने के शौकीन हैं, तो आप उन 30-30 सेकंड के न हटने वाले अनस्किपेबल विज्ञापनों का दर्द बखूबी समझते होंगे। इनसे बचने के लिए या तो आपको प्रीमियम सब्सक्रिप्शन लेना पड़ता है या फिर किसी थर्ड-पार्टी एप का सहारा। लेकिन अब यूट्यूब की इस मनमानी को रोकने के लिए एक देश ने कानूनी रास्ता अख्तियार कर लिया है।

    5 सकेंड के बाद हटा सकेंगे विज्ञापन

    वियतनाम सरकार ने एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए यूट्यूब और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के लिए नए नियम जारी किए हैं। वियतनाम न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, 15 फरवरी से वहां कोई भी प्लेटफॉर्म 5 सेकंड से ज्यादा लंबा अनस्किपेबल विज्ञापन नहीं दिखा सकेगा। यानी जैसे ही विज्ञापन के 5 सेकंड पूरे होंगे, यूजर के पास उसे स्किप (Skip) करने का विकल्प आ जाएगा। यही नहीं, अब कंपनियां यूजर्स को उन विज्ञापनों को बंद करने के लिए भी इंतजार नहीं करा पाएंगी, जो स्थिर तस्वीरों के रूप में आते हैं।

    क्या सरकारों का दखल जरूरी है?

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट (Reddit) पर इस फैसले की जबरदस्त चर्चा हो रही है। दुनिया भर के यूजर्स मांग कर रहे हैं कि उनके देशों में भी इसी तरह के कानून लाए जाने चाहिए। लोगों का मानना है कि यूट्यूब ने पिछले कुछ समय में विज्ञापनों की बौछार कर दी है, जिससे वीडियो देखने का मजा पहले जैसा नहीं रहा।

    विज्ञापन जरूरी, पर मनमानी नहीं

    जाहिर है कि विज्ञापनों से ही यूट्यूब जैसा बड़ा प्लेटफॉर्म फ्री चल पाता है और वीडियो बनाने वाले क्रिएटर्स की कमाई होती है। विज्ञापन इस पूरे इकोसिस्टम का अहम हिस्सा हैं। लेकिन समस्या तब शुरू होती है जब विज्ञापन इतने लंबे और आक्रामक हो जाएं कि वे यूजर के अनुभव को खराब करने लगें। वियतनाम का यह फैसला विज्ञापनों को पूरी तरह खत्म करने के बारे में नहीं है, बल्कि यह टेक कंपनियों को यह संदेश देने के लिए है कि वे सिर्फ मुनाफे के लिए ग्राहकों की सुविधा को नजरअंदाज नहीं कर सकतीं।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें