कंपनी की एक गलती की वजह से पूरी दुनिया में 9 घंटे तक ठप रहे फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप

बुधवार की शाम से आधी रात तक पूरी दुनिया मे फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के यूजर्स परेशान रहे। वहीं Twitter पर भी कई लोगों को डायरेक्ट मैसेजिंग में दिक्कत आ रही थी। दुनिया के सबसे बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के डाउन होने के बाद पूरी दुनिया के यूजर्स ने शिकायतें की, हालांकि 9 घंटे तक ठप रहने के बाद फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप की सेवा शुरू हो गई है, लेकिन सवाल यह है कि आखिर हुआ क्या था कि फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम तीनों एक साथ ठप हो गए थे। आइए जानते हैं...
फेसबुक पर जहां कोई भी पिक्चर अपलोड नहीं हो रही थी, वहीं इंस्टाग्राम में फीड अपलोडिंग की दिक्कत थी। इसके अलावा व्हाटसएप पर लोग मैसेज और फोटो/वीडियो भेज तो पा रहे थे, लेकिन डाउनलोड नहीं कर पा रहे थे। व्हाट्सएप पर कोई भी फाइल डाउनलोड करने पर नेटवर्क एरर बता रहा था, जबकि नेटवर्क में कोई समस्या नहीं थी। एयरटेल ने खुद ग्राहकों को मैसेज भेजकर इसकी पुष्टि की है। फेसबुक के यूजर्स पर फीड में फोटो या वीडियो नहीं देख पा रहे थे।
फेसबुक ने इस आउटेज के बारे में गुरुवार को अपने एक बयान में कहा कि उसके एप और साइट पर फाइल अपलोड और डाउनलोड करने में आ रही दिक्कत को 9 घंटे बाद ठीक कर लिया गया है। अब पूरी दुनिया में फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप की सेवा पूरी तरह से चालू हो गई हैं।
फेसबुक ने बताया कि यह समस्या रूटीन मेंटेनेंस ऑपरेशन के दौरान एक गलती के कारण हुई थी, हालांकि फेसबुक ने इसके बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी है। बता दें कि इससे पहले इसी मार्च में भी फेसबुक और इंस्टाग्राम ठप हुए थे। फेसबुक और इंस्टाग्राम के यूजर्स की बात करें, तो पूरी दुनिया में फेसबुक के 230 करोड़ मंथली एक्टिव यूजर्स हैं, वहीं इस्टाग्राम को 1 अरब से भी ज्यादा लोग इस्तेमाल करते हैं।