Twitter: मस्क की लीडरशिप में ट्विटर असुरक्षित, यूजर्स के डाटा पर भी खतरा, पूर्व सेफ्टी हेड ने किया खुलासा
मस्क के ट्विटर अधिग्रहण के बाद रोथ ने ट्वीट कर कहा था कि मस्क के संरक्षण में प्लेटफॉर्म की सुरक्षा में सुधार हुआ है। ट्विटर के पूर्व सुरक्षा प्रमुख योएल रोथ ने पिछले महीने की शुरुआत में ही कंपनी से इस्तीफा दिया है।

विस्तार
माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर के पूर्व सुरक्षा प्रमुख योएल रोथ (Yoel Roth) ने कंपनी के नए मालिक एलन मस्क को लेकर बड़ा दावा किया है। रोथ ने मस्क की लीडरशिप में ट्विटर को असुरक्षित बताया है। उन्होंने कहा कि सेफ्टी को सुनिश्चित करने के लिए कंपनी के पास पर्याप्त स्टाफ नहीं है और यूजर्स के डाटा पर भी खतरा बढ़ गया है। बता दें कि योएल रोथ ने पिछले महीने ही कंपनी से इस्तीफा दिया है।
दरअसल, एक इंटरव्यू में रोथ का कहना था कि ट्विटर ब्लू प्रीमियम सब्सक्रिप्शन में बदलाव ट्रस्ट और सुरक्षा टीम की चेतावनियों के बावजूद लॉन्च किया गया था। पेड ब्लू सब्सक्रिप्शन में यूजर्स को 8 डॉलर में वेरीफाईड चेकमार्क की सुविधा दी जाती है। लेकिन कंपनी ने अपने ज्यादातर कर्मचारियों का बर्खास्त कर दिया है, जिससे यूजर्स के डाटा पर भी खतरा बढ़ सकता है।
बता दें कि मस्क के ट्विटर अधिग्रहण के बाद रोथ ने ट्वीट कर कहा था कि मस्क के संरक्षण में प्लेटफॉर्म की सुरक्षा में सुधार हुआ है। दरअसल इंटरव्यू में रोथ से इसी को लेकर सवाल किया गया था कि क्या अपने विचार पर वह बरकरार हैं? इसका जवाब देते हुए रोथ ने कहा था कि नहीं। बता दें कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ट्विटर अकाउंट को बैन कराने में रोथ ने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी। हालांकि अब फिर से ट्रंप का अकाउंट बहाल कर दिया गया है।