Twitter: मस्क ने किया 150 करोड़ ट्विटर अकाउंट बंद करने का एलान, कहीं आपका तो नहीं शामिल?
ट्विटर स्पेस में ऐसे बहुत से अकाउंट हैं जिन्हें यूजर क्रिएट करने के बाद भूल गए हैं। इन अकाउंट्स से एक ही बार लॉगइन किया गया है। हाल ही में मस्क ने ट्विटर फाइल्स के खुलासे के बाद एक और अपडेट जारी करने की बात भी कही है।

विस्तार
माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने प्लेटफॉर्म से 150 करोड़ ट्विटर अकाउंट डिलीट करने की घोषणा कर दी है। शुक्रवार को मस्क ने ट्वीट करते हुए लिखा कि कंपनी उन ट्विटर अकाउंट्स को हटा देगी जो प्लेटफॉर्म पर वर्षों से निष्क्रिय हैं। बता दें कि हाल ही में मस्क ने ट्विटर फाइल्स के खुलासे के बाद एक और अपडेट जारी करने की बात कही है, जिसमें पता चल सकेगा कि कंपनी कैसे किसी को ब्लैकलिस्ट बनाती है और कुछ अकाउंट्स को दिखाना सीमित करती है।
दरअसल, ट्विटर स्पेस में ऐसे बहुत से अकाउंट हैं जिन्हें यूजर क्रिएट करने के बाद भूल गए हैं। इन अकाउंट्स से एक ही बार लॉगइन किया गया है। साथ ही ऐसे और कई तमाम ट्विटर अकाउंट्स हैं जिन्हें क्रिएट करने के बाद सालों तक लॉगइन नहीं किया गया है और इनसे न के बराबर ट्वीट किए गए हैं। कई बार ऐसा भी होता है कि यूजर्स ने अकाउंट बनाया लेकिन वह पासवर्ड भूल गए और उन्होंने नया अकाउंट बना लिया। मस्क ऐसे अकाउंट को डिलीट करके ट्विटर स्पेस को कम करना चाहते हैं।
मस्क ने शुक्रवार को अपने ट्वीट में लिखा, "कंपनी की तरफ से जल्द 1.5 बिलियन (150 करोड़) ट्विटर अकाउंट को डिलीट किया जाएगा। कंपनी के इस कदम से 150 करोड़ अकाउंट का नाम ट्विटर स्पेस से खाली होगा।" बता दें कि मस्क प्लेटफॉर्म को ट्विटर 2.0 बनाना चाहते हैं। इसका जिक्र उन्होंने कर्मचारियों को नौकरी से निकालने के बाद भेजे गए ई-मेल में भी किया था।