Instagram Plus: जल्द आ रहा है इंस्टाग्राम प्लस प्रीमियम सब्सक्रिप्शन, चुपके से देख सकेंगे दूसरों की स्टोरी
Instagram Plus Subscription:
मेटा इंस्टाग्राम पर आम यूजर्स के लिए 'इंस्टाग्राम प्लस' नाम का एक नया प्रीमियम सब्सक्रिप्शन टेस्ट कर रहा है। इस पेड प्लान में यूजर्स को कई एक्सक्लूसिव फीचर्स मिलेंगे। कौन से होंगे ये एक्सक्लूसिव फीचर्स, क्या होगी इनकी कीमत और कब तक मिलेंगे आइए जानते हैं।

विस्तार
मेटा ने इंस्टाग्राम पर एक नया प्रीमियम सब्सक्रिप्शन टेस्ट करना शुरू कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस नए प्लान का नाम इंस्टाग्राम प्लस रखा गया है। इसके जरिए आम यूजर्स को कुछ ऐसे एक्सक्लूसिव फीचर्स मिलेंगे, जो रेगुलर इंस्टाग्राम पर मौजूद नहीं हैं। आइए समझते हैं कि अगर आप इसके लिए पैसे चुकाते हैं तो आपको क्या-क्या नया मिलेगा।
इंस्टाग्राम प्लस के खास फीचर्स
चुपके से देखें स्टोरी (स्टेल्थ मोड):
यह सबसे दिलचस्प फीचर है। इसके जरिए आप किसी की भी स्टोरी देख सकते हैं और उस इंसान को पता भी नहीं चलेगा कि आपने उसकी स्टोरी देखी है।
री-वॉच काउंट:
आप यह देख पाएंगे कि आपकी लगाई गई स्टोरी को कितने लोगों ने दोबारा प्ले करके देखा है।
अनलिमिटेड 'क्लोज फ्रेंड्स' लिस्ट:
अभी आप सिर्फ एक क्लोज फ्रेंड्स लिस्ट बना सकते हैं। लेकिन प्लस सब्सक्रिप्शन में आप अपनी मर्जी से कई अलग-अलग लिस्ट (ग्रुप) बना सकेंगे और तय कर सकेंगे कि कौन सी स्टोरी किस ग्रुप को दिखानी है।
स्टोरी को दें एक्स्ट्रा टाइम:
आम तौर पर स्टोरी 24 घंटे में गायब हो जाती है, लेकिन इसमें आप अपनी स्टोरी का समय 24 घंटे और बढ़ा सकेंगे।
स्टोरी स्पॉटलाइट:
हफ्ते में एक बार आप अपनी किसी स्टोरी को स्पॉटलाइट कर सकेंगे। इससे वह स्टोरी आपके फॉलोअर्स की लिस्ट में सबसे आगे नजर आएगी।
एनिमेटेड सुपरलाइक:
आप दूसरों की स्टोरी पर एक खास तरह का एनिमेटेड सुपरलाइक भेज सकेंगे।
सर्च व्यूअर लिस्ट:
अगर आपकी स्टोरी बहुत लोग देखते हैं तो लंबी लिस्ट स्क्रॉल करने के बजाय आप सीधे सर्च बार में नाम लिखकर देख सकेंगे कि उस खास इंसान ने आपकी स्टोरी देखी या नहीं।
कहां चल रही है टेस्टिंग और कितनी होगी कीमत?
मेटा ने आधिकारिक तौर पर देशों के नाम नहीं बताए हैं, लेकिन सोशल मीडिया से मिली जानकारी के मुताबिक अभी इसकी टेस्टिंग मेक्सिको, जापान और फिलीपींस में हो रही है। कीमत की बात करें तो अलग-अलग देशों में इसके दाम अलग हैं। लीक हुए स्क्रीनशॉट्स के अनुसार, इसकी कीमत लगभग $1 से $2.20 (भारतीय रुपये में करीब 80 से 180 रुपये) प्रति महीने हो सकती है। हालांकि भारत में इसकी कीमत क्या होगी, यह लॉन्च होने के बाद ही पता चलेगा।
मेटा वेरिफाइड से कैसे अलग है?
इंस्टाग्राम पर पहले से मौजूद मेटा वेरिफाइड (ब्लू टिक वाला प्लान) मुख्य रूप से कंटेंट क्रिएटर्स और बिजनेस के लिए है, जो फेक अकाउंट्स से बचाता है। वहीं, इंस्टाग्राम प्लस को आम यूजर्स के लिए मजेदार और नए फीचर्स देने के मकसद से बनाया गया है।
क्या लोग इसके लिए पैसे देंगे?
आजकल हर छोटी-बड़ी एप के लिए पैसे (सब्सक्रिप्शन) मांगे जाने से यूजर्स थोड़े परेशान जरूर हैं, लेकिन स्नैपचैट+ और एक्स के पेड प्लान्स ने साबित किया है कि मार्केट में इसकी डिमांड है। हाल ही में स्नैपचैट प्लस ने 2.5 करोड़ सब्सक्राइबर्स का आंकड़ा पार किया है। मेटा अभी इस प्लान की टेस्टिंग कर रहा है। पूरी तरह से सफल होने के बाद ही इसे बाकी देशों के लिए रोलआउट किया जाएगा।