भविष्य अनिश्चितताओं भरा : सीईओ बोले- बदलती रहती हैं हमारी नीतियां, कंपनी किस दिशा में जाएगी; पता नहीं

योगेश साहू
एजेंसी, न्यूयॉर्क सिटी। योगेश साहू
Wed, 27 Apr 2022 05:15 AM IST
सार

ट्विटर को बोलने की आजादी का बेहतर माध्यम बनाने के दावे के साथ एलन मस्क ने इसे 4,400 करोड़ डॉलर में खरीद तो लिया, लेकिन इसका उल्टा परिणाम भी सामने आ सकता है। यह आशंका अमेरिका के मिशिगन विश्वविद्यालय ने अपनी रिपोर्ट में जताई है।

Future full of uncertainties: Twitter CEO Parag Agrawal said our policies keep changing, in which direction company will go, Dont know
Parag Agrawal LinkedIn Profile - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    ट्विटर के सौदे के बाद कर्मचारी पूछ रहे हैं, क्या पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ट्विटर पर लौटेंगे? सीईओ पराग अग्रवाल ने इस पर अपने कर्मचारियों से कहा, हमारी नीतियां बदलती रहती हैं। दरअसल भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने के लिए ट्रंप ट्विटर से स्थायी तौर पर प्रतिबंधित हैं। उन्होंने कंपनी की नीतियों के बारे में अनिश्चितता का भी संकेत दिया।

    पराग ने कर्मचारियों से साफतौर पर कहा कि भले ही वे ट्विटर बिकने पर अलग भावनाएं रखते हों, आने वाला समय अनिश्चितताओं से भरा हो सकता है। डील पूरी होने पर कंपनी किस दिशा में जाएगी, उन्हें नहीं पता। पराग ने कहा कि तीन से छह महीने में डील पूरी होने का अनुमान है। कर्मचारियों को लगता है कि कंपनी में अब उनका भविष्य सुरक्षित नहीं है, उन्हें छंटनी की आशंका भी सता रही है।

    यह भी साफ नहीं है कि एलन मस्क 37 साल के सीईओ पराग को बनाए रखेंगे या नहीं? पराग ने कहा कि ट्विटर में कर्मचारियों का वेतन मौजूदा स्तर पर बना रहेगा, लेकिन कंपनी की कार्य संस्कृति और नीतियों के बारे ऐसा नहीं कह सकते। कर्मचारियों के पास कंपनी के जो शेयर हैं, उनके बदले में कैश दिया जाएगा।

    पूर्व सीईओ डोर्सी ने किया मस्क का समर्थन

    ट्विटर के पूर्व सीईओ जैक डोर्सी ने इस डील पर मस्क का समर्थन किया। उन्होंने लिखा कि भले ही उन्हें नहीं लगता किसी को ट्विटर का मालिक बनना चाहिए, लेकिन खुशी है कि यह लोगों के लिए संवाद का माध्यम बना रहेगा। मस्क इसे विश्वसनीय और सभी की भागीदारी का माध्यम बनाना चाहते हैं, पराग यही चाहते थे।

    पराग 12 माह में हटाए गए तो मिलेंगे 321 करोड़

    नवंबर 2021 में ट्विटर के सीईओ बने पराग अग्रवाल को अगर मस्क-ट्विटर डील के 12 महीनों के भीतर हटाया गया तो उन्हें 4.20 करोड़ डॉलर यानी करीब 321 करोड़ रुपये से ज्यादा राशि मिलेगी। इसमें एक साल का मूल वेतन और शेयर आदि शामिल हैं। 2021 में पराग को 3.04 करोड़ डॉलर वेतन मिला था।

    क्या चीन को फायदा मिलने वाला है : बेजोस

    अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस ने पूछा कि क्या इस डील से चीन को कोई फायदा होगा? वह एक यूजर के उस सवाल पर बात कर रहे थे, जिसमें कहा गया कि 2021 में मस्क की कंपनी टेस्ला का दूसरा सबसे बड़ा बाजार चीन था। चीनी बैटरी निर्माता टेस्ला की कारों के लिए सबसे बड़े आपूर्तिकर्ता हैं। 2009 में चीन ने ट्विटर को प्रतिबंधित कर दिया था, क्योंकि इससे उसे कोई फायदा नहीं मिल रहा था।

    मस्क की योजनाएं यूजर के लिए बनेंगी मुसीबत

    • एडिट बटन :मस्क ने ट्वीट को एडिट करने का बटन देने की घोषणा की थी। लेकिन ऐसा कोई प्रयोग नहीं हुआ है जो बताए कि पूर्व की सूचनाओं का क्या होगा? कुछ यूजर्स अपने ट्वीट को एडिट कर सकते हैं, भड़काने वाली बातें लिखकर उन्हें भी बदल सकते हैं, इससे वे सजा से बच जाएंगे।
    • हर यूजर का सत्यापन :सत्यापन की बात मस्क ने सोमवार को भी कही, लेकिन इससे लोगों की निजता पर खतरा आ सकता है। कई यूजर किसी उद्देश्य के लिए बतौर कार्यकर्ता या सूचनाएं देने वाले काम करते हैं।
    • सामग्री में संयम : मस्क का लक्ष्य है ट्विटर को ज्यादा स्वतंत्र बनाना। ऐसा करने से फर्जी सूचनाओं को फैलने से रोकने की प्रणाली व एल्गोरिदम भी गड़बड़ा सकते हैं।
    • चंदा :मस्क का लक्ष्य विज्ञापन के बजाय सब्सक्रिप्शन से ट्विटर के जरिये पैसे कमाना है। उनका मानना है कि इससे मॉडरेशन में आसानी होगी, लेकिन इससे ट्विटर के केवल सब्सक्रिप्शन रखने वालों का माध्यम बनने का खतरा भी है।
    • हित साधन :आशंका है कि मस्क अपने दूसरे कारोबार को बढ़ाने के लिए ट्विटर को जनमत प्रभावित करने के काम में ले सकते हैं। खासतौर पर ऑटोमोबाइल और एविएशन जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में।
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें