Twitter Fake Account: ट्विटर ने हटाया बीएसएफ का फर्जी अकाउंट, फैक्ट चेक यूनिट से मिली थी जानकारी
बीएसएफ एक प्रमुख केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) है। बीएसएफ के पास 3,323 किलोमीटर भारत-पाकिस्तान और 4,096 किलोमीटर भारत-बांग्लादेश सीमाओं की रक्षा करने की जिम्मेदारी होती है।

विस्तार
माइक्रो ब्लॉगिंग व सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर (Twitter) ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के फर्जी ट्विटर अकाउंट को डिलीट कर दिया है। ट्विटर ने केंद्र सरकार के सख्त निर्देश के बाद इस अकाउंट को बंद किया है। केंद्र सरकार के फैक्ट चेक यूनिट के जरिये @BsfIndia0 नाम के इस फर्जी ट्विटर हैंडल का पता लगाया गया था। जानकारी के अनुसार इस फेक ट्विटर अकाउंट को बीएसएफ के ट्विटर अकाउंट के जैसे ही मिलता-जुलता बनाया गया था।
दरअसल, केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय के तहत काम करने वाली फैक्ट चेक यूनिट द्वारा इस फर्जी ट्विटर हैंडल की जानकारी लगी थी, जिसके 24 घंटे के भीतर ही इसे बंद करा दिया गया है। बता दें कि फर्जी ट्विटर हैंडल के संबंध में बीएसएफ ने ट्विटर इंडिया को फटकार भी लगाई थी। बीएसएफ ने ट्विटर को फर्जी अकाउंट पर कार्रवाई करने के लिए एक पत्र लिखा था और इस अकाउंट को तुरंत हटाने के निर्देश भी दिए थे। जिसके बाद ट्विटर ने कार्रवाई करते हुए इस अकाउंट को डिलीट कर दिया है।
बता दें कि @BsfIndia0 नाम के इस फर्जी ट्विटर अकाउंट को बंद किए जाने तक इसके 30 फॉलोअर्स हो चुके थे और इस अकाउंट से 60 अन्य लोगों को फॉलो किया जा रहा था। फैक्ट चेक यूनिट को इसकी जानकारी तब लगी जब इस अकाउंट के फॉलोअर्स एकदम से बढ़ने लगे और यह साइट वायरल होने लगी। बता दें कि बीएसएफ एक प्रमुख केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) है। बीएसएफ के पास 3,323 किलोमीटर भारत-पाकिस्तान और 4,096 किलोमीटर भारत-बांग्लादेश सीमाओं की रक्षा करने की जिम्मेदारी होती है।