विधानसभा चुनाव 2022: मुलायम सिंह की बहू ने कहा- फिर से सजने जा रहा बाबा का ताज, पढ़िए किसने क्या कहा
अखिलेश ने कहा, 'मतगणना केंद्रों पर दिन-रात सतर्क और सचेत रूप से सक्रिय रहने के लिए सपा-गठबंधन के हर एक कार्यकर्ता, समर्थक, नेतागण, पदाधिकारी और शुभचितंक को हृदय से धन्यवाद!'

विस्तार
UP Vidhan Sabha Chunav 2022 Result: उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा के चुनाव के लिए मतगणना शुरू हो गई है। कड़ी सुरक्षा में मतगणना हो रही है। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती हो रही है। UP के शुरुआती रूझानों में भाजपा 100 और सपा 80 के पार पहुंच गई है। चुनाव के रिजल्ट के बीच सोशल मीडिया पर यूजर्स और तमाम नेता अपनी राय जाहिर कर रहे हैं। मतगणना के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कई ट्वीट किए हैं।
एक ट्वीट में अखिलेश यादव ने कहा, 'इम्तिहान बाकी है अभी हौसलों का वक़्त आ गया है अब ‘फ़ैसलों’ का मतगणना केंद्रों पर दिन-रात सतर्क और सचेत रूप से सक्रिय रहने के लिए सपा-गठबंधन के हर एक कार्यकर्ता, समर्थक, नेतागण, पदाधिकारी और शुभचितंक को हृदय से धन्यवाद! ‘लोकतंत्र के सिपाही’ जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही लौटें!'
अखिलेश यादव ने मतगणना से पहले भी एक ट्वीट किया था जिसमें वे कहते हैं, 'मतगणना केंद्रों को ‘लोकतंत्र का तीर्थ’ समझकर वहाँ जाएं और डटे रहें और सत्तापक्ष द्वारा चुनाव परिणाम में हेराफेरी की हर साज़िश को असंभव बना दें! सपा-गठबंधन की जीत हो रही है, तभी तो भाजपाई धांधली की कोशिश कर रहे हैं।'
मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह
मैंने भगवान से प्रार्थना की है कि आने वाले पांच साल शांति और विकास के साथ पिछले 5 साल के समान हों और भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाए।
कांग्रेस नेता हरीश रावत
हम ज्यादातर सीटों पर जीत रहे हैं और जहां हम पीछे चल रहे हैं वहां एक करीबी मुकाबला है। एक घंटे में ये बढ़त उत्तराखंड में कांग्रेस के लिए बहुमत में बदल जाएगी और उसे पंजाब में भी बहुमत मिलेगा। उन्होंने आगे कहा किउत्तराखंड में कांग्रेस करीब करीब 48 सीटें जीतेगी।
यूपी कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह
प्रशासन ने ईवीएम की संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की है, लेकिन विपक्षी दल हंगामा कर रहे हैं, वे विधानसभा चुनाव में अपनी हार के लिए ईवीएम को ही जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
आम आदमी पार्टी के विधायक राघव चड्ढा
पहले दिन से कह रहा था कि आप पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। पंजाब पर दशकों तक शासन करने वाले लोगों का सिंहासन हिल रहा है। भविष्य में अरविंद केजरीवाल होंगे बीजेपी के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी, आप होगी कांग्रेस की जगह।
दिल्ली के मंत्री और आप नेता गोपाल राय
हम पंजाब में सकारात्मक रुझान देख सकते हैं और हमें उम्मीद है कि परिणाम भी सकारात्मक होंगे। मैं पंजाब के लोगों को बदलाव के लिए वोट करने के लिए धन्यवाद देता हूं। आप ने पंजाब के 88 विधानसभा क्षेत्रों में शुरुआती बढ़त के साथ बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है।
गोवा कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश चोडनकर
हम परिणाम के रुझान देख रहे हैं। गोवा के लोगों ने बदलाव के लिए वोट किया है।
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता रमन सिंह
उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार में योगी जी ने कानून व्यवस्था को सुधारा, माफिया राज को समाप्त किया, महिलाओं को सुरक्षा का माहौल दिया। इसका परिणाम है कि पूरे उ.प्र. में भाजपा प्रचंड बहुमत की तरफ बढ़ रही है।
अपर्णा यादव
समाजवादी पार्टी के संस्थापक, मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव ने कहा- बाबा को सजने जा रहा है फिर से ताज I
आएगा राम राज्य जय श्री राम 🙏🏻
मध्य प्रदेश क CM शिवराज सिंह चौहान
इन चुनाव परिणामों से साफ हुआ कि तुष्टीकरण की राजनीति अब नहीं चलेगी। आतंक और गुंडागर्दी फैलाने वालों का अब राजनीति में स्थान नहीं है। यह चुनाव संप्रदायवाद और जातिवाद से ऊपर उठा है। मोदी जी के प्रति विश्वास के रूप में जनता ने BJP को आशीर्वाद दिया।
गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन
विपक्ष के लिए कहना चाहूंगा, "ना साइकिल, ना हाथी, ना हाथ बा...उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ बा। उत्तर प्रदेश की जनता ने सोच लिया कि राम राज्य लाना है और राम राज्य की शुरूआत हो गई है। एक नया उत्तर प्रदेश, एक नया भारत उस दिशा में प्रदेश की जनता ने भविष्य चुना।
अखिलेश यादव के EVM वाले बयान पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल
उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा को विकास और गुड गवर्नेंस के मुद्दों पर आशीर्वाद दिया है... यह एक फैशन बन गया है कि जब कोई विपक्षी दल हारता है तो वह भाजपा की जीत को पचा नहीं पाते हैं और तरह-तरह के आरोप लगाते हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय
सरकार तो हम दो तिहाई बहुमत से बनाने ही वाले थे। मोदी जी ने जनता को जो विश्वास दिलाया था, उसे पूरा किया। पुष्कर सिंह धामी ने भी बहुत कम समय में अपनी एक छवि बनाई। जनता ने भाजपा सरकार में विकास देखा है।
मतगणना के बीच यूथ कांग्रेस ने ट्वीट किया है, 'सरकार बदलेगी, हालात बदलेंगे!'