Telegram Ban: वियतनाम में टेलीग्राम पर बैन की तैयारी, सरकार ने बताया राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा

नीतीश कुमार
ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Fri, 23 May 2025 07:19 PM IST
सार

Vietnam Telegram Ban:

वियतनाम सरकार टेलीग्राम एप पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी में है। टेलीग्राम पर आरोप है कि यह प्लेटफॉर्म देश विरोधी गतिविधियों, साइबर अपराध और अवैध डेटा व्यापार का अड्डा बन गया है और स्थानीय नियमों का पालन नहीं कर रहा।

Vietnam set to ban telegram app alleges promotion of anti national law
Telegram App - फोटो : FREEPIK

    विस्तार

    वियतनाम सरकार ने लोकप्रिय मैसेजिंग एप टेलीग्राम पर बैन लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। सरकार का आरोप है कि यह प्लेटफॉर्म अवैध और देश विरोधी कंटेंट को बढ़ावा दे रहा है और देश के कानूनों का पालन नहीं कर रहा है।

    ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, वियतनाम के गृह मंत्रालय ने टेलीग्राम पर सार्वजनिक व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने वाले गतिविधियों की अनुमति देने का आरोप लगाया है। मंत्रालय का कहना है कि देश में मौजूद कई टेलीग्राम ग्रुप्स पर सरकार विरोधी संदेश, धोखाधड़ी, ड्रग्स की तस्करी और अवैध डेटा की खरीद-फरोख्त जैसे खतरनाक कंटेंट शेयर किए जा रहे हैं।

    टेलीग्राम पर कई गंभीर आरोप

    सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, टेलीग्राम को बार-बार इस तरह के कंटेंट की निगरानी करने और हटाने के लिए कहा गया था, लेकिन कंपनी ने किसी तरह का सहयोग नहीं किया। इतना ही नहीं, टेलीग्राम ने वियतनाम में व्यवसाय पंजीकरण तक नहीं कराया है, जो वहां के कानून के तहत अनिवार्य है।

    यह भी पढ़ें: 'भारत नहीं अमेरिका में iPhone बनाओ', ट्रंप ने Apple को दी 25% टैरिफ लगाने की धमकी

    सरकार ने अब स्थानीय टेलीकॉम और इंटरनेट सेवा प्रदाताओं को निर्देश दिए हैं कि वे टेलीग्राम की सेवाएं ब्लॉक करना शुरू करें। हालांकि अभी तक टेलीग्राम और वियतनाम की तकनीकी मंत्रालय की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

    यह कदम वियतनाम की सरकार द्वारा डिजिटल स्पेस पर नियंत्रण बढ़ाने की बड़ी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। देश में फेसबुक और यूट्यूब जैसे वैश्विक प्लेटफॉर्म्स अभी चालू हैं, लेकिन सरकार ऑनलाइन असहमति और अवैध सामग्री के प्रति सख्त रवैया अपना रही है। 2023 में सरकार ने यह नियम भी लागू किया था कि विदेशी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को यूजर्स की पहचान सत्यापित करनी होगी और जरूरत पड़ने पर वह जानकारी सरकार को देनी होगी।

    जहां कुछ लोगों ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताया है, वहीं सरकार का कहना है कि यह कदम देश में स्थिरता बनाए रखने और डिजिटल कानून का पालन सुनिश्चित करने के लिए जरूरी हैं।

    अब यह देखना होगा कि वियतनाम में टेलीग्राम का भविष्य क्या होता है, क्योंकि सरकार ने संकेत दे दिए हैं कि जो प्लेटफॉर्म स्थानीय नियमों के अनुरूप नहीं होंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें