स्मार्टफोन बना लोगों का पर्सनल फिटनेस ट्रेनर, 34 फीसदी भारतीय कर रहे एप का इस्तेमाल
दुनिया में फिटनेस एप का मार्केट 30 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक का हो गया है, जबकि इसमें सालाना 9 फीसदी से अधिक ग्रोथ का अनुमान है।

विस्तार
पहले फिट रहने के लिए जिम जाते थे, खुले मैदान में सुबह-शाम टहलने के लिए जाया करते थे लेकिन कोरोना काल में लोगों का घर से बाहर निकलना बहुत ही मुश्किल हो गया है। लोगों का फिटनेस मंत्र और जिम और पार्क से सिमटकर स्मार्टफोन में समा गया है। हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि फिट रहने के लिए 34 फीसदी भारतीय मोबाइल एप का इस्तेमाल कर रहे हैं जो कि दुनिया में किसी भी अन्य देश के मुकाबले बहुत ज्यादा है। सीधे शब्दों में कहें तो स्मार्टफोन अब भारतीयों का पर्सनल फिटनेस ट्रेनर बन गया है।
फिटनेस के लिए मोबाइल एप का इस्तेमाल करने वालों में भारतीय (34 फीसदी) पहले पायदान पर हैं, जबकि दूसरे नंबर पर ब्रिटेन और अमेरिका चौथे नंबर पर है। एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत का फिटनेस एप मार्केट काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
आउटलुक की एक रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया में फिटनेस एप का मार्केट 30 हजार करोड़ रुपये से भी अधिक का हो गया है, जबकि इसमें सालाना 9 फीसदी से अधिक ग्रोथ का अनुमान है। 2024 तक इसके करीब 40 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
किस देश में कितने लोग करते हैं फिटनेस एप का इस्तेमाल
- भारत-1.69 करोड़
- ब्रिटेन- 44 लाख
- ब्राजील- 1.43 करोड़
- अमेरिका- 3.27 करोड़
- जर्मनी- 32.86 लाख
- इटली- 39.49 लाख
- ऑस्ट्रिया- 6.08 लाख
- चीन- 90 हजार
- स्पेन- 34.68 लाख
- फ्रांस- 54.73 लाख