आपके घर के सामने लगेगी Xiaomi की दुकान, स्मार्टफोन से टीवी तक की होगी 'मोबाइल स्टोर' में बिक्री

Xiaomi ने भारत में अपना एक अनोखा Mi स्टोर खोला है। अनोखा इसलिए क्योंकि यह स्टोर किसी मॉल या दुकान में नहीं बल्कि एक गाड़ी पर खोला गया है। कंपनी का कहना है कि इसके जरिए वह "भारत के दिल" तक पहुंच सकती है, जहां पूरा ध्यान गांवों और दूरदराज के हिस्सों पर दिया जाएगा। दरअसल कोरोना वायरस महामारी के कारण कई ऑफलाइन खुदरा स्टोर्स को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। लोग अपने घरों से निकलने से बच रहे हैं, जिसके कारण इन स्टोर्स पर लगने वाली भीड़ में भारी गिरावट देखी जा रही है। ऐसे में नई खुदरा रणनीति के तहत, कंपनी की ऑफलाइन टीम अब ग्राहकों के घर तक शाओमी के खुदरा अनुभव को पहुंचा सकती है।
शाओमी ग्लोबल (Xiaomi Global) के वाइस प्रेसिडेंट और इसके भारत संचालन के मैनेजिंग डायरेक्टर मनु कुमार जैन ने एक ट्वीट के साथ आज मोबाइल ऑफलाइन स्टोर की घोषणा की। जैन ने अपने ट्विटर अकाउंट पर मोबाइल स्टोर की कई तस्वीरें साझा कीं। यह मोबाइल ऑफलाइन स्टोर देखने में आपको किसी नियमित फूड वैन की झलक देगा। मी स्टोर ऑन व्हील्स एक चलती वैन है, जिसके रियर पर पॉप-अप स्टोर बनाया गया है। इस मोबाइल स्टोर में स्मार्टफोन के अलावा, स्मार्ट टीवी, Mi बॉक्स 4K, Mi TV स्टिक, Mi CCTV कैमरा, Mi स्पोर्ट्स ब्लूटूथ इयरफोन, Mi ट्रू वायरलेस इयरफोन, Redmi ईयरबर्ड्स S, Mi धूप का चश्मा, पावरबैंक और चार्जर समेत कई प्रोडक्ट्स की बिक्री की जाएगी।
जैन ने कहा कि यह परियोजना 40 दिनों के भीतर पूरी की गई है। इसका मकसद गांवों और गैर-मेट्रो शहरों में शाओमी के प्रोडक्ट्स को ग्राहकों तक पहुंचाना है। हालांकि, कंपनी ने उन शहरों या राज्यों की सूची का खुलासा नहीं किया है, जहां ये स्टोर्स पहले तैनात किए जाएंगे। कंपनी के ये ऑफलाइन मोबाइल स्टोर्स बिक्री के अलावा ग्राहकों से फीडबैक भी लेंगे।
- 5000mAh की पावरफुल बैटरी के साथ Realme C17 हुआ लॉन्च, रियर में मिलेगा 4 कैमरों का सेटअप
- 14 अक्टूबर को भारत में लॉन्च होगा OnePlus 8T, अमेजन की वेबसाइट पर हुआ टीज
- Tecno Spark 6 Air का नया वेरिएंट भारत में हुआ लॉन्च, कीमत 8699 रुपये
- लैपटॉप की स्लो स्पीड से परेशान Window 10 यूजर्स अपनाएं ये 4 आसान तरीका, मिनटों में दिखेगा असर