Foldable Phones: बड़ी स्क्रीन का क्रेज कहीं भारी पछतावे में न बदल जाए? खरीदने से पहले जरूर जान लें ये सच्चाई
Foldable Phone Pros and Cons 2026:
फोल्डेबल स्मार्टफोन्स का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है, और इस रेस में एपल भी शामिल होने जा रहा है, लेकिन क्या लाखों का फोन खरीदना वाकई समझदारी है? टैबलेट जैसा अनुभव देने वाले ये फोन अपने साथ महंगी रिपेयरिंग, कमजोर स्क्रीन और बैटरी की समस्याएं भी लेकर आते हैं। इसलिए अगर आप भी फोल्डेबल फोन लेने का सोच रहे हैं ताे उससे पहले इनकी तकनीकी खामियों को जरूर जान लें...

विस्तार
गूगल और सैमसंग के बाद अब फोल्डेबल फोन का बाजार और गर्म होने वाला है। हालांकि ये फोन दिखने में बेहद प्रीमियम और हाई-टेक लगते हैं, लेकिन असल जिंदगी में इनका इस्तेमाल करना उतना ही चुनौतीपूर्ण हो सकता है। एक साधारण गलती आपकी लाखों की इन्वेस्टमेंट को बर्बाद कर सकती है। टेक एक्सपर्ट्स मानते हैं कि यह टेक्नोलॉजी अभी पूरी तरह मैच्योर नहीं हुई है। फोल्डेबल फोन अभी भी लग्जरी कैटेगरी में आते हैं। नई टेक्नोलॉजी, कॉम्प्लेक्स हिंज मैकेनिज्म और ड्यूल डिस्प्ले की वजह से इनकी कीमत आसमान छूती है।
ड्यूरैबिलिटी की टेंशन
फोल्डेबल फोन दिखने में जितने प्रीमियम लगते हैं, उतने ही नाजुक भी होते हैं। इनका सबसे कमजोर हिस्सा होता है हिंज और फोल्डिंग स्क्रीन। जरा-सा फोन गिरने पर डिस्प्ले डैमेज का खतरा सामान्य स्मार्टफोन से कहीं ज्यादा रहता है। समय के साथ स्क्रीन पर स्क्रैच और क्रीज भी नजर आने लगते हैं। ऊपर से ये फोन मोटे और भारी होते हैं, जिससे रोजमर्रा में इन्हें कैरी करना भी आसान नहीं होता। यानी फोल्डेबल फोन इस्तेमाल करने के लिए अतिरिक्त सावधानी जरूरी है।
ये भी पढ़े: Moya: इंसान जैसी गर्म स्किन और नजरों से इशारें, चीन के इस ह्यूमनॉइड रोबोट ने उड़ाए सबके होश ;क्या है खूबियां?
क्या इसकी रिपेयरिंग ज्यादा महंगी होती है?
फोल्डेबल फोन की बड़ी स्क्रीन जितनी आकर्षक है, उतनी ही महंगी भी साबित हो सकती है। स्क्रीन, हिंज और इंटरनल पार्ट्स की बनावट कॉम्प्लेक्स होती है, इसलिए इनकी मरम्मत आम स्मार्टफोन के मुकाबले कई गुना महंगी पड़ती है। अगर फोन की वारंटी खत्म हो चुकी है और किसी भी पार्ट को बदलने की जरूरत पड़ गई, तो आपकी जेब पर भारी असर पड़ सकता है।
बैटरी और सॉफ्टवेयर की परेशानी
भले ही फोल्डेबल फोन में बड़ी स्क्रीन मिलती है, लेकिन बैटरी कैपेसिटी उसी अनुपात में नहीं बढ़ी है। नतीजा ये कि बार-बार चार्जिंग करनी पड़ती है। इसके अलावा सॉफ्टवेयर ऑप्टिमाइजेशन भी अभी पूरी तरह परफेक्ट नहीं है। कई एप्स बड़ी फोल्डेबल स्क्रीन के हिसाब से डिजाइन नहीं हैं, जिससे वीडियो देखते वक्त ब्लैक बार, स्ट्रेचिंग और मल्टीटास्किंग में लैग जैसी दिक्कतें सामने आती हैं।
ये भी पढ़े: ChatGPT Ads: ओपनएआई ने शुरू किया चैटजीपीटी में विज्ञापनों का ट्रॉयल, जानिए किस वजह से लिया कंपनी ने ये फैसला?
तो क्या फोल्डेबल फोन खरीदना सही फैसला है?
एक्सपर्ट्स कहते हैं कि अगर आप नई टेक्नोलॉजी एक्सप्लोर करना पसंद करते हैं, आपके पास हाई बजट है और आप फोन को बेहद संभालकर इस्तेमाल कर सकते हैं, तो फोल्डेबल फोन आपके लिए एक अलग अनुभव दे सकता है। लेकिन अगर आपकी प्राथमिकता टिकाऊ फोन, कम रिपेयर खर्च और लंबी बैटरी लाइफ है, तो अभी फोल्डेबल फोन खरीदने से पहले थोड़ा इंतजार करना ही समझदारी भरा फैसला हो सकता है।