Samsung UV Sterilizer Review: क्या खरीदने लायक है 10 मिनट में कोरोना जैसे वायरस खत्म करने वाली यह डिवाइस?
Samsung UV Sterilizer कीमत 3,599 रुपये हैवायरलेस चार्जिंग से लैस है स्टेरिलाइजर99 फीसदी बैक्टीरिया को खत्म करने में है सक्षम

विस्तार
कोरोना संक्रमण फैलने के बाद ऐसे गैजेट्स की मांग अचानक से बढ़ गई जिसके जरिए बैक्टीरिया जैसे वायरस को मारा जा सकता है। कई शोध में इस बात की पुष्टि की गई कि यूवी यानी अल्ट्रा वॉयलेट लाइट से कोरोना वायरस और अन्य बैक्टीरिया को खत्म किया जा सकता है। लोगों की जरूरत और बाजार की मांग को देखते हुए सैमसंग ने अपना यूवी स्टेरिलाइजर बॉक्स पेश किया। सैमसंग का यूवी स्टेरिलाइजर भारत में 3,599 रुपये में खरीदा जा सकता है। इस स्टरलाइज को हमने कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया है। आइए रिव्यू में जानते हैं कितने का काम की यह डिवाइस…
सैमसंग UV स्टेरिलाइजर की स्पेसिफिकेशन
सैमसंग का दावा है कि उसके UV स्टेरिलाइजर से 99 फीसदी बैक्टीरिया और घातक किटाणु को खत्म किया जा सकता है। खास बात यह है कि इस UV स्टेरिलाइजर में वायरलेस चार्जिंग का भी सपोर्ट दिया गया है यानी आप बैक्टीरिया को मारने के साथ-साथ अपने वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट वाले स्मार्टफोन को चार्ज भी कर सकते हैं। इस UV स्टेरिलाइजर को सैमसंग C&T और सैमसंग मोबाइल एसेसरी पार्टनरशिप प्रोग्राम (SMAPP) के तहत तैयार किया गया है।

यह UV स्टेरिलाइजर आपके स्मार्टफोन, चश्मा, ईयरबड्स आदि को महज 10 मिनट में वायरसमुक्त कर सकता है। इस UV स्टेरिलाइजर में 10वॉट की वायरलेस चार्जिंग का भी सपोर्ट दिया गया है। इसमें दी गई UV लाइट 10 मिनट के बाद अपने आप बंद हो जाती है, हालांकि डिवाइस की चार्जिंग जारी रहती है। सैमसंग UV स्टेरिलाइजर में सात इंच तक के स्मार्टफोन को वायरसमुक्त किया जा सकता है।
सैमसंग UV स्टेरिलाइजर की डिजाइन

सैमसंग का यह यूवी स्टेरिलाइजर किसी लंच बॉक्स जैसा है। इस बॉक्स के अंदर दोनों छोर पर अंदर की ओर दो यूवी लाइट मिलेंगी जो फोन को बैक्टीरिया मुक्त करने में सक्षम हैं। बॉक्स के बीच में मैग्नेट सपोर्ट के साथ वायरलेस चार्जर दिया गया है। बॉक्स पूरी तरह से प्लास्टिक है और पावर के लिए टाइप-सी पोर्ट दिया गया है।

बॉक्स के फ्रंट में राइट साइड में किनारे पर एक बटन दिया गया है जिसे दबाने पर यूवी लाइट ऑन होती है। खास बात यह है कि 10 मिनट पूरे होने के बाद यूवी लाइट अपने आप बंद हो जाती है और एक बिप की आवाज आती है। पावर बटन के बगल में ही एक इंडिकेटर लाइट है जो ग्रीन कलर की है। यह लाइट तब तक जलती है जब तक यूवी लाइट ऑन रहती है।
सैमसंग UV स्टेरिलाइजर की परफॉर्मेंस

जहां तक चार्जिंग का सवाल है तो आईफोन एक्सआर की बैटरी 30 घंटे में महज 5 फीसदी चार्ज हुई थी। जबकि फुल चार्ज होने में 3.30 घंट से भी अधिक का वक्त लगा। वैसे तो सैमसंग ने इसमें 10 वॉट की वायरलेस चार्जिंग दी है लेकिन यह फास्ट चार्जिंग लायक नहीं है। बॉक्स के साथ एक टाइप सी केबल मिलता है। अब सवाल बैक्टीरिया को खत्म करने की है तो सैमसंग UV स्टेरिलाइजर का इस्तेमाल ठीक वैसा ही है जैसा कि लाइफब्वॉय साबुन को लेकर कंपनी दावा करती है कि यह 99.9 फीसदी किटाणु और बैक्टीरिया को मारने में सक्षम है और भरोसा करके हाथ धोते हैं।

सैमसंग UV स्टेरिलाइजर में ऐसा कोई मीटर नहीं है जो आपके गैजेट पर मौजूद बैक्टीरिया के बारे में जानकारी देता हो। इसका इस्तेमा आप साबुन की तरह भरोसे के साथ कर सकते हैं कि 10 मिनट में आपके गैजेट पर मौजूद वायरस और बैक्टीरिया 99 फीसदी तक मर चुके हैं। तो कुल मिलाकर कहें तो सैमसंग UV स्टेरिलाइजर गैजेट और एसेसरीज को यूवी सैनिटाइज करने के लिए परफेक्ट है लेकिन चार्जिंग के लिए यह औसत है, हालांकि सैमसंग के फोन के साथ इसकी चार्जिंग स्पीड ठीक-ठाक है।