सैमसंग का नया फोन जल्द ही भारत में होगा लांच, वनप्लस 6 से होगी टक्कर

सैमसंग जल्द ही भारतीय बाजार में एक और नया स्मार्टफोन पेश करने वाला है। खबर है कि सैमसंग गैलेक्सी ए सीरीज के तहत एक नया स्मार्टफोन जल्द ही लांच करेगा जिसमें 6 जीबी रैम के साथ स्नैपड्रैगन 660 प्रोसेसर मिलेगा और कीमत 30 हजार रुपये के करीब होगी। सैमसंग का इरादा इस नए फोन से वनप्लस 6 के साथ मुकाबले का है।
एक न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक सैमसंग गैलेक्सी ए स्मार्टफोन में 64 जीबी की स्टोरेज मिलेगी और 6.3 इंच की फुल एचडी प्लस सुपर एमोलेड इनफिनिटी डिस्प्ले होगी। इसके अलावा फोन में डुअल रियर कैमरा सेटअप मिलेगा जिसमें 16MP और 24MP के दो सेंसर्स होंगे। वहीं फ्रंट कैमरा 24 मेगापिक्सल को होगा और वाकई ऐसा हुआ तो 24 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरे के साथ सैमसंग कोई पहला स्मार्टफोन बाजार में आएगा।
बता दें कि इसी साल सैमसंग ने गैलेक्सी ए6 और गैलेक्सी ए6 प्लस को भारत में लांच किया है। ए6 प्लस की कीमत 25,990 रुपये थी जो अब 22,990 रुपये हो गई है। इस फोन में स्नैपड्रैगन 450 प्रोसेसर और 3500 एमएएच की बैटरी और डुअल रियर कैमरा है।
गौरतलब है कि सैमसंग 22 अगस्त को भारत में गैलेक्सी नोट 9 को लांच करने वाला है। इस फोन को इससे पहले 8 अगस्त को लंदन में लांच किया गया है। गैलेक्सी नोट 9 के 6 जीबी रैम व 128 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 67,900 रुपये और 8 जीबी रैम के साथ 512 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 84,900 रुपये है।
सैमसंग गैलेक्सी नोट 9 में डुअल सिम सपोर्ट और एंड्रॉयड ओरियो 8.1 मिलेगा। फोन में 6.4 इंच की क्वॉड एचडी प्लस सुपर एमोलेड डिस्प्ले मिलेगी जिसका रिजॉल्यूशन 1440x2960 पिक्सल है। फोन में 6 व 8 जीबी रैम और 128 जीबी व 512 जीबी की स्टोरेज मिलेगी।
भारत में यह फोन इनहाउस एक्सिनॉज 9810 प्रोसेसर के साथ मिलेगा जबकि अन्य बाजार में इसमें स्नैपड्रैगन 845 प्रोसेसर के साथ आएगा। गैलेक्सी नोट 9 128 जीबी और 512 जीबी स्टोरेज वेरियंट में मिलेगा। साथ ही यह फोन 512 जीबी की मेमोरी कार्ड को भी सपोर्ट करेगा। सैमसंग का दावा है कि गैलेक्सी नोट की डाउनोडिंग स्पीड 1.2Gbps है।