Nokia का लैपटॉप जल्द भारतीय बाजार में देने वाला है दस्तक

अभी तक आप Nokia के फीचर और स्मार्टफोन ही इस्तेमाल कर रहे हैं लेकिन जल्द ही आपके पास Nokia का लैपटॉप भी पहुंचने वाला है। खबर है कि नोकिया का लैपटॉप जल्द ही लॉन्च होने वाला है। सबसे खास बात यह है कि Nokia की लैपटॉप सीरीज सबसे पहले भारत में लॉन्च होगी।
नोकिया के लैपटॉप को ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) की वेबसाइट पर देखा गया है, हालांकि सर्टिफिकेशन भले ही भारत का है लेकिन लैपटॉप मेड इन चाइना ही होंगे। बता दें कि इससे पहले नोकिया ने साल 2009 में Nokia Booklet 3G लैपटॉप के साथ बाजार में अपनी किस्मत आजमाई है।
टिप्स्टर मुकुल शर्मा ने नोकिया के लैपटॉप को सबसे पहले BIS की साइट पर देखा है। शर्मा के मुताबिक नोकिया के अपकमिंग लैपटॉप के मॉडल NKi510UL82S, NKi510UL85S, NKi510UL165S, NKi510UL810S, NKi510UL1610S, NKi310UL41S, NKi310UL42S, NKi310UL82S और NKi310UL85S होंगे।
NokiaMob.net की रिपोर्ट के मुताबिक उपरोक्त मॉडल नंबर में NK का मतलब नोकिया है और अन्य कैरेक्टर प्रोसेसर और विंडोज को लेकर हैं, हालांकि अभी तक यह साफ नहीं है कि नोकिया के इन लैपटॉप की मार्केटिंग कौन करेगा। बता दें कि नोकिया के टीवी फ्लिपकार्ट की साझेदारी में लॉन्च हुए हैं, जबकि स्मार्टफोन और फीचर फोन की मार्केटिंग एचएमडी ग्लोबल साल 2016 से कर रही है।