Huawei P40 Pro के रेंडर्स सोशल मीडिया पर हुए वायरल, मिल सकता है डुअल पंचहोल डिस्प्ले

हुवावे (Huawei) नए साल में पी40 प्रो (Huawei P40 Pro) प्रीमियम सीरीज को ग्लोबल लेवल पर लॉन्च करने की तैयारी में है। इससे पहले कंपनी ने पी30 सीरीज के स्मार्टफोन्स को बाजार में उतारा था, जिसकी जबरदस्त सेल हुई थी। कुछ दिनों पहले पी40 प्रो सीरीज के डिवाइसेज की कई रिपोर्ट्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लीक हुई थी, जिनमें कुछ चुनिंदा फीचर्स की जानकारी मिली थी। लेकिन अब एक बार फिर से पी40 प्रो की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं। इन तस्वीरों में इस डिवाइस के डिजाइन को साफ देखा जा सकता है।
लीक तस्वीरों में देखें तो यूजर्स को इस स्मार्टफोन में डुअल पंचहोल डिस्प्ले मिलेगा। साथ ही बैक पैनल में पांच कैमरे का सपोर्ट मिल सकता है। वहीं, दूसरी तरफ इस फोन में थिन बेजल दिए गए हैं। इसके अलावा कंपनी इस डिवाइस में लेटेस्ट प्रोसेसर का सपोर्ट भी दे सकती है। हालांकि, हुवावे ने इस फोन की लॉन्चिंग, कीमत और फीचर्स को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है।
दूसरी तस्वीर में देखें तो यूजर्स को इस डिवाइस में चौकोर कैमरा सेटअप मिलेगा, जो खास सेंसर्स से लैस होगा। साथ ही फोन के दाई तरफ पावर बटन दिया गया है। इसके अलावा कंपनी ने इस अगामी फोन में 6.5 या 6.7 इंच का डिस्प्ले दे सकती है। वहीं, दूसरी तरफ कंपनी कनेक्टिविटी के लिहाज यूएसबी-टाइप सी पोर्ट, ब्लूटूथ, वाई-फाई और जीपीएस जैसे फीचर्स देगी।
आपको बता दें कि पिछले साल दिसंबर में टेक विशेषज्ञ मिंग-ची-कुओ ने एक रिपोर्ट जारी की थी, जिसमें हुवावे पी40 प्रो की कीमत का खुलासा किया था। इस रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी अगामी स्मार्टफोन की कीमत 4,000 से लेकर 5,000 युआन (करीब 40,000 से 50,000 रुपये) तक के बीच में रखेगी। उम्मीद की जा रही है कि इस डिवाइस को जल्द मार्केट में उतारा जाएगा।