Apple Watch SE 2022 Review: एंट्री लेवल एपल स्मार्टवॉच की तलाश होगी पूरी

एपल ने इस साल भी अपने मेगा इवेंट में Apple Watch SE मॉडल पेश किया है जो कि पिछली वॉच का अपग्रेडेड वर्जन है। Apple Watch SE काफी हद तक iPhone SE के कॉन्सेप्ट पर आधारित है। Apple Watch SE को भी आईफोन एसई की तरह बजट यूजर्स के लिए डिजाइन किया गया है। Apple Watch SE का पहला वर्जन 2020 में लॉन्च हुआ था। Apple Watch SE 2022 की शुरुआती कीमत 29,900 रुपये है। इस कीमत में 40mm और GPS वेरियंट मिलेगा, वहीं इसी मॉडल में सेलुलर वर्जन की कीमत 33,900 रुपये है। Apple Watch SE 2022 के 44mm GPS की कीमत 32,900 और इसके सेलुलर मॉडल की कीमत 36,900 रुपये है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि Apple Watch Series 8 (रिव्यू) की शुरुआती कीमत 45,900 रुपये है। Apple Watch SE 2022 को हमने कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया है। आइए इसका रिव्यू जानते हैं...
Apple Watch SE 2022 Review: डिजाइन और डिस्प्ले

रिव्यू के लिए हमारे पास Apple Watch SE 2022 का स्टारलाइट एल्यूमीनियम केस स्पोर्ट बैंड 40एमएम सेलुलर था। बॉक्स में आपको टाईप-सी मैग्नेटिक चार्जर, एक स्पोर्ट (मीडियम/लार्ज) और वॉच मिलती है। सिलिकॉन स्ट्रैप की क्वॉलिटी और फिनिशिंग बेस्ट है।

वॉच की बॉडी मेटल की है और फिनिशिंग Apple Watch सीरीज 8 की तरह ही है। इस वॉच को IP6X की रेटिंग तो नहीं मिली है लेकिन यह 50 मीटर गहरे पानी में डूबने पर भी खराब नहीं होती है। इसके साथ भी LTPO OLED रेटिना डिस्प्ले मिलती है जिसकी पीक ब्राइटनेस 1000 निट्स है।

एपल वॉच सीरीज 8 और Apple Watch SE 2022 की डिस्प्ले में यही अंतर है कि सीरीज 8 में अलवेज ऑन रेटिना डिस्प्ले मिलती है और Apple Watch SE मॉडल में अलवेज ऑन नहीं मिलता है। एसई मॉडल 44mm और 40mm साइज में उपलब्ध है। इस वॉच के साथ भी आपको Apple watch series 8 की तरह Ion-X ग्लास डिस्प्ले मिलती है जिसपर स्क्रैच आने की संभावना बहुत ही कम है।

Apple Watch SE 2022 का कुल वजन 27.8 ग्राम है। राइट में एक डिजिटल क्राउन भी मिलता है जिसका इस्तेमाल आप नेविगेशन के लिए कर सकते हैं। वॉच हल्की और कॉम्पैक्ट है। Apple Watch SE 2022 के साथ मिलने वाली डिस्प्ले में थोड़ा बेजल भी मिलता है जिसके कारण स्क्रीन छोटी लगती है।
Apple Watch SE 2022 Review: परफॉरमेंस और बैटरी लाइफ

Apple Watch SE 2022 भले ही लोअर मॉडल है लेकिन इसमें हार्डवेयर Apple Watch Series 8 वाले ही हैं। इसमें भी वही डुअल कोर S8 सिस्टम इन पैकेज (SiP) है। सबसे खास बात यह है कि Apple Watch Ultra में भी यही हार्डवेयर है। Apple Watch SE 2022 में बड़ा अंतर यह है कि इसमें आपको ईसीजी का सपोर्ट नहीं मिलता है, लेकिन फॉल डिटेक्शन, क्रैश डिटेक्शन और इमरजेंसी कॉलिंग मिलती है।

इस वॉच में भी आपको कंपास एप मिलता है और नया फीचर Backtrack भी मिलता है जो कि रास्ता भटक जाने के बाद मदद करता है। Apple Watch SE 2022 के साथ लो पावर मोड भी मिलता है। Apple Watch SE 2022 के साथ ब्लड ऑक्सीजन सेंसर और नया टेंपरेचर सेंसर नहीं मिलता है।

Apple Watch SE 2022 के स्पीकर की आवाज जबरदस्त है। कॉलिंग के दौरान आपको किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं आने वाली है। वेकअप में कोई डिले नहीं होता है। इनबिल्ट जीपीएस की रिजल्ट सटीक है। यदि आप पहली बार एपल वॉच इस्तेमाल करने के बारे में सोच रहे हैं और बजट के बारे में भी सोच रहे हैं तो Apple Watch SE 2022 आपको निराश नहीं करेगी।

स्टेप काउंटर की रिपोर्ट सटीक है और एक्टिविटी को भी वॉच ट्रैक करती है। यह स्लीप पैटर्न को भी ट्रैक करती है। यदि आप महिला हैं तो आपके पीरियड को भी यह ट्रैक करेगी। वॉच के साथ 32 जीबी की इनबिल्ट स्टोरेज मिलती है और कॉलिंग के लिए माइक्रोफोन के साथ-साथ स्पीकर भी मिलता है।

वॉच से आप किसी मैसेज का रिप्लाई भी कर सकते हैं और कॉल रिसीव भी कर सकते हैं। इसमें आप कुछ म्यूजिक को स्टोर भी कर सकते हैं और एयरपॉड या स्पीकर के साथ सुन सकते हैं।

जहां तक बैटरी लाइफ का सवाल है तो इसकी बैटरी डेढ़ दिनों तक चलती है, हालांकि पावर सेविंग मोड में दो दिन का भी बैकअप मिल जाता है। इसके साथ फास्ट चार्जिंग नहीं मिलती है। करीब दो घंटे में बैटरी को फुल चार्ज किया जा सकता है। चार्जिंग के लिए मैग्नेटिक चार्जर मिलता है।

अब कुल मिलाकर कहें तो आपके पास आईफोन है और आपने पहले कभी एपल वॉच इस्तेमाल नहीं की है तो निश्चित तौर पर Apple Watch SE 2022 को आप आजमा सकते हैं। इसके साथ आपको तमाम तरह के स्मार्टवॉच फीचर्स मिलते हैं। साथ में एपल की ब्रांडिंग और बिल्ड क्वॉलिटी भी मिलती है।