रणजी ट्रॉफी 2018: लगातार तीसरी जीत के बाद अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान पर पहुंचा उत्तराखंड
रणजी ट्रॉफी के अंतिम दिन शुक्रवार को उत्तराखंड ने सिक्किम को एक पारी और 178 रनों से शिकस्त देकर शानदार जीत हासिल की। दूसरी पारी में भी सिक्किम के बल्लेबाज उत्तराखंड की शानदार गेंदबाजी का सामना नहीं कर पाए और पूरी टीम महज 140 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। लगातार तीसरी बोनस अंक के साथ मिली जीत से उत्तराखंड अपने ग्रुप में पहले स्थान पर पहुंच गया है। शानदार दोहरा शतक जमाने वाले उत्तराखंड के सौरभ रावत को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
भुवनेश्वर के केआईटी स्टेडियम में शुक्रवार को चौथे दिन सिक्किम ने दो विकेट पर 27 रन से आगे खेलना शुरू किया। उत्तराखंड ने पहले सत्र के तीसरे ओवर में पद्म को आउट कर सिक्किम को बड़ा झटका दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे मिलिंद ने आशीष थापा के साथ चौथे विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी की। दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए स्कोर 98 तक पहुंचाया।
दूसरे पारी में चमके दीपक धपोला
इसी स्कोर पर आशीष थापा 35 रन बनाकर कप्तान रजत भाटिया को कैच थमा बैठे। यह जोड़ी टूटते ही सिक्किम की बल्लेबाजी बिखर गई। टीम ने केवल 42 रनों पर ही अगले छह विकेट खो दिए। सिक्किम के 140 रनों पर ऑल आउट होने के साथ ही उत्तराखंड ने पारी और 178 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया। तेज गेंदबाज दीपक धपोला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट चटकाए। वहीं, मलोलन रंगराजन और वैभव ने दो-दो विकेट लिया। धनराज शर्मा और सनी राणा को एक-एक विकेट मिला।
पहले दो मुकाबलों में मैन ऑफ द मैच रहे दीपक धपोला ने तीसरे मुकाबले में भी पांच विकेट चटकाए। उन्होंने पहली पारी में एक और दूसरी पारी में चार विकेट लिए। अब तक तीन मुकाबलों में 26 विकेट हो चुके हैं। रणजी ट्रॉफी के तीन मुकाबलों में उन्होंने सबसे अधिक विकेट चटकाए हैं। उन्होंने बिहार के खिलाफ नौ, मणिपुर के खिलाफ 12 और सिक्किम के खिलाफ पांच विकेट लिए हैं। वहीं, बल्लेबाजी में 286 रन बनाने वाले सौरभ रावत उत्तराखंड की ओर से सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। ओवरऑल सूची में वह 20वें स्थान पर बने हुए हैं।