फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Hockey Venus Club defeated Rainbow Club 7 with 5 goals including hat-trick of Monika

हॉकी: मोनिका की हैटि्रक सहित 5 गोल से वीनस क्लब ने रेनबो क्लब को 7-0 से रौंदा, पढ़ें वाराणसी में खेल की खबरें

Sat, 19 Apr 2025 03:13 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sat, 19 Apr 2025 03:13 PM IST
सार

वाराणसी के विभिन्न स्थानों पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। अतिथियों और दर्शकों ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। उन्हें सम्मानित किया गया। दूसरे जिले में भी वाराणसी के खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने गए हैं।

विज्ञापन
Hockey Venus Club defeated Rainbow Club 7 with 5 goals including hat-trick of Monika
हाॅकी खेलतीं वीनस क्लब और रेनबो क्लब टीम की खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Sports News: हॉकी वाराणसी के तत्वावधान में चल रही आंबेडकर सब जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता में शुक्रवार को वीनस क्लब और रेनबो क्लब के बीच शानदार मुकाबला हुआ। इसमें वीनस क्लब की टीम ने अद्भुत खेल दिखाते हुए रेनबो क्लब को 7-0 के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। वीनस की ओर से मोनिका के पांच और प्राची के दो गोल मैच का मुख्य आकर्षण रहे।

विज्ञापन


परमानंदपुर स्थित बाबू आरएन सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए इस मैच में वीनस क्लब ने शुरुआत से ही अटैकिंग अंदाज दिखाया। मैच शुरू होने के महज तीन मिनट के भीतर ही वीनस क्लब की खिलाड़ी प्राची ने शानदार एकल प्रयास करते हुए गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। 
विज्ञापन




इसके बाद वीनस की मोनिका ने खेल के आठवें, ग्यारहवें और अठारहवें मिनट में गोल दागकर अपनी गोल की हैट्रिक पूरी की। साथ ही वीनस क्लब को 4-0 की बड़ी बढ़त दिला दी। पहले हाफ के अंत तक यही स्कोर कायम रहा। दूसरे हाफ में भी वीनस क्लब का आक्रामक खेल जारी रहा। रेनबो क्लब की रक्षा पंक्ति वीनस के खिलाड़ियों को रोक पाने में नाकाम रही। 

विज्ञापन
विज्ञापन

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए ट्रायल 22 को 
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में खेलने के लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल सिगरा और और लालपुर स्टेडियम में होगा। इसमें शामिल होने के लिए खिलाड़ियों को एनएसआरएस  के पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। 

क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि महिला कबड्डी का चयन ट्रायल सिगरा के डॉ संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 22 अप्रैल को सुबह 11 बजे होगा। खो खो महिला और पुरुष टीम का चयन ट्रायल लालपुर के डॉ भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में 22 अप्रैल को सुबह 11 बजे से होगा।

Hockey Venus Club defeated Rainbow Club 7 with 5 goals including hat-trick of Monika
श्रुति यादव। - फोटो : अमर उजाला

राष्ट्रीय शिविर के लिए श्रुति यादव का चयन
काशी की बेटी श्रुति यादव बास्केटबॉल की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलेगी। भोजूबीर के बसही निवासी श्रुति का चयन भारतीय रेलवे की ओर से आयोजित बास्केटबॉल के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है। पूर्वोत्तर रेलवे में कार्यरत श्रुति असम के गुवाहाटी में 18 अप्रैल से शुरू होकर 17 मई तक होने वाले शिविर में हिस्सा लेंगी। 

श्रुति यादव ने अपनी बास्केटबॉल यात्रा वर्ष 2005 में उदय प्रताप कॉलेज के बास्केटबॉल कोर्ट से शुरू की थी। उन्होंने बास्केटबॉल की कोचिंग विभोर भृगुवंशी से ली है। भारतीय रेलवे की प्रशिक्षण शिविर में चयन श्रुति के कॅरिअर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। बास्केटबॉल कोच विभोर भृगुवंशी ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। 

Hockey Venus Club defeated Rainbow Club 7 with 5 goals including hat-trick of Monika
कांस्य पदक विजेता यूपी टीम के खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला

बनारस के सितारों ने यूपी को दिलाया हॉकी में कांस्य पदक
काशी के चार हॉकी सितारों की मदद से यूपी ने झांसी में आयोजित प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने में कामयाबी पाई है। 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर नेशनल चैंपियनशिप झांसी में खेली गई। 

उप क्रीड़ा सचिव व हॉकी कोच सतीष नारायण सिंह ने बताया कि यूपी टीम की इस उपलब्धि में बनारस के चार खिलाड़ियों ने अहम योगदान दिया। राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित हॉकी प्रतियोगिता 5 से 15 अप्रैल तक खेली गई। उत्तर प्रदेश की टीम में बनारस का प्रतिनिधित्व करने वाले ये चार खिलाड़ी अलग-अलग संस्थानों में कार्यरत हैं, लेकिन मैदान पर उन्होंने एक टीम के रूप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 

इनमें पूर्वोत्तर रेलवे में कार्यरत अतुलदीप, उत्तर रेलवे के रणविजय यादव और प्रशांत चौहान शामिल हैं, जबकि इंडियन ऑयल में कार्यरत सुमित कुमार ने भी टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दिया। इसके प्रदर्शन के दम पर उत्तर प्रदेश की टीम तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में मणिपुर को 4-1 से हराने में सफल रही और कांस्य पदक जीतने में कामयाब हुई। 

कैरम के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं काशी की 8 बेटियां
काशी की आठ बेटियों ने प्रदेश स्तरीय कैरम प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। प्रयागराज में आयोजित 29वीं प्रदेश स्तरीय कैरम चैंपियनशिप में जिले के कुल 18 खिलाड़ी शामिल रहे। 21 अप्रैल तक आयोजित प्रतियोगिता के तीसरे रोमांचक मुकाबलों में लखनऊ और मुरादाबाद की टीम फाइनल में पहुंच गईं। मंतसा इकबाल, रितंभरा, सौम्या यादव, रिशिता केशरी, दीपली यादव, हरियाली, कामना गुप्ता और अंजली केशरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। 

विदेशी प्रशिक्षक बताएंगे ताइक्वांडो की बारीकियां
दक्षिण कोरिया के ताइक्वांडो प्रशिक्षक ग्रैंड मास्टर ली वोंग के नेतृत्व में तीन दिवसीय निशुल्क ताइक्वांडो रेफरी प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ लोहता के एक स्कूल में हुआ। जिला ताइक्वांडो संघ की ओर से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन वाराणसी मंडल ओलंपिक संघ के महासचिव और जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष आशीष प्रताप सिंह ने किया। प्रशिक्षण में प्रदेश के 117 युवा और वरिष्ठ ताइक्वांडो प्रशिक्षकों ने हिस्सा लिया। यह प्रशिक्षण शिविर 18 से 20 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें एशियाई ताइक्वांडो महासंघ के सदस्य ली वोंग प्रशिक्षण देंगे। 

द क्रिकेट बॉयज सेमीफाइनल में, आयुष मैन ऑफ द मैच
पांचवी स्व. चंद्रभान त्रिपाठी स्मृति अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को हुए मुकाबले में द क्रिकेट बॉयज ने स्टेडियम एकादश की टीम को 38 रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। द क्रिकेट बॉयज के आयुष यादव के हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड मिला। 

अशर्फी नगर स्थित हरिशंकर सिंह स्टेडियम में टॉस जीतकर द क्रिकेट बॉय ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवरों में 9 विकेट खोकर 196 रन बनाए। टीम के आयुष यादव ने 23, विद्युत सिंह ने 44 और रोहन यादव ने 36 रनों का योगदान दिया। 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टेडियम एकादश के शुरुआत में ही तीन विकेट गिर गए। इसके बाद हर्ष ने 43 गेंद पर 73 रन की पारी खेली। इसमें 11 चौके और 2 छक्के लगाए। टीम के लिए रुद्रांश ने 6 चौके और एक छक्के की मदद से 44 रन बनाए। इसके बावजूद भी स्टेडियम एकादश की टीम 158 रन पर ऑलआउट हो गई।

शिवम की बल्लेबाजी की मदद से विवेक क्लब 77 रन से जीता
चतुर्थ स्वर्गीय मोहनलाल और स्वर्गीय प्रेमा देवी स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता का सेमीफाइनल शुक्रवार को बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान में खेला गया। इसमें विवेक सिंह क्रिकेट क्लब की टीम ने शिवम की बल्लेबाजी की मदद से क्रिकेट बॉय की टीम को 77 रन से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए विवेक सिंह क्रिकेट क्लब की निर्धारित 35 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 200 रन का स्कोर बनाया। 

मैत्री वाॅलीबाॅल में लिब्रो खिलाड़ी एस राय चमके
खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए शुक्रवार को सिगरा स्टेडियम में मैत्री वाॅलीबाॅल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें वाराणसी सहित पड़ोसी लों चंदौली और गाजीपुर के 50 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 

सिगरा स्टेडियम में नियमित रूप से अभ्यास करने वाले इन खिलाड़ियों को चार टीमों में विभाजित किया गया था। इनके बीच कुल छह मुकाबले हुए। लिब्रो खिलाड़ी एस राय ने फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन कर सिगरा ए टीम को जीत दिलाई। 

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मेजबान सिगरा स्टेडियम की टीम ए और चंदौली और गाजीपुर के खिलाड़ियों को मिलाकर गठित कंबाइंड टीम के बीच हुआ। पांच सेट तक चले मुकाबले में सिगरा ए की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कंबाइंड टीम को 25-12, 25-23, 25-18 और 25-20 के स्कोर से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। 

टीम की जीत में लिब्रो खिलाड़ी एस राय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपने उत्कृष्ट रक्षात्मक कौशल और सटीक पासिंग से उन्होंने विपक्षी टीम के कई हमले विफल कर दिए। सिगरा टीम के अन्य खिलाड़ियों, राजू राय और दिपांशु ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया। 

क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने खिलाड़ियों के खेल भावना की सराहना की। इस मौके पर जिला वाॅलीबाॅल सचिव सर्वेश पांडेय, सिगरा स्टेडियम की अंशकालिक प्रशिक्षक पूजा यादव सहित स्टेडियम में अभ्यास करने वाले सैकड़ों जूनियर खिलाड़ी मौजूद रहे।

Hockey Venus Club defeated Rainbow Club 7 with 5 goals including hat-trick of Monika
सिगरा स्टेडियम में वाॅलीबाॅल खेलते खिलाड़ी। - फोटो : अमर उजाला

बरेका में तैराकी के लिए अभी करना होगा इंतजार
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के स्वीमिंग पूल में तैराकी प्रशिक्षण लेने के लिए खिलाड़ियों को अभी और इंतजार करना होगा। अधिकारियों के अनुसार सिविल विभाग द्वारा स्वीमिंग पूल संचालन की एजेंसी तय न होने के कारण इसमें देरी हो रही है। इसे हर साल अप्रैल से खोल दिया जाता था। 

इस बार मरम्मत की वजह से देरी हो गई है। रेलवे और बरेका के कर्मचारियों के लिए 160 रुपये प्रतिमाह, केंद्र व राज्य सरकार के कर्मचारी और उनके परिजनों को 1180 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं, बाहरी व्यक्ति को 2140 रुपये प्रतिमाह का भुगतान करना होगा। 

गत वर्ष भी इसी समस्या के चलते बरेका स्वीमिंग पूल में चार माह देरी से तैराकी का प्रशिक्षण शुरू हुआ था। ओपन स्वीमिंग पूल में सितंबर माह तक तैराकी होती है। बारिश का मौसम शुरू होने के बाद तैराकी का प्रशिक्षण बंद हो जाता है। वाराणसी में बरेका के अलवा बीएचयू में तैराकी का प्रशिक्षण दिया जाता है। 

बोले अधिकारी
स्वीमिंग पूल संचालन की प्रक्रिया शुरू चल रही है। यहां तैराकी का प्रशिक्षण भी जल्द ही शुरू करा लिया जाएगा। इससे पहले क्रीड़ा विभाग बरेका की ओर से स्वीमिंग पूल के फाॅर्म का वितरण शुरू होगा। -राजेश कुमार जनसंपर्क अधिकारी बरेका

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Sports news in Hindi related to live update of Sports News, live scores and more cricket news etc. Stay updated with us for all breaking news from Sports and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed