नाली में मिला टैक्सी चालक का शव, सिर का हिस्सा दो किमी दूर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के कांगड़ा जिले में स्मार्ट सिटी धर्मशाला में एक टैक्सी चालक की संदिग्ध हालात में मौत से सनसनी फैल गई है। युवक का शव एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के साथ लगते मंदिर के समीप नाली में मिला, जबकि उसके सिर का कुछ हिस्सा चीलगाड़ी में सड़क पर मिला। पुलिस ने मृतक युवक की शिनाख्त कर ली है।
मृतक की पहचान जसविंदर सिंह (31) उर्फ लामा पुत्र बलदेव सिंह निवासी सुधेड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में उसके साथी राजीव थापा (25) निवासी सुधेड़ को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा अस्पताल भेज दिया है। वहीं, क्षेत्रीय फोरेंसिंक लैब धर्मशाला की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस की प्राथमिक जांच में टैक्सी चालक की मौत सड़क हादसे में हुई है, लेकिन फिर भी पुलिस हर पहलू की गंभीरता के साथ जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार जसविंदर रविवार को ऑल्टो कार में सवार था। बताया गया कि हादसा परिधि गृह धर्मशाला से कोतवाली बाजार की ओर जाने वाली सड़क पर रात लगभग नौ बजे के आसपास हुआ।
जसविंदर सिंह और राजीव थापा ऑल्टो कार में सवार थे, उसी दौरान किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से जसविंदर सिंह का सिर टकरा गया। इससे उसके सिरे का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह टूट गया और कुछ हिस्सा सड़क पर गिर गया, जबकि युवक का शव घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर मिला है। ऐसे में परिजनों ने पुलिस से मामले की गंभीरता के साथ जांच करने की गुहार लगाई है।
साथी बोला-सहम गया था, इसलिए टैक्सी से फेंक दिया शव
हालांकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने अपने युवा बेटे की इस तरह मौत की सही जांच करने की मांग उठाई है। वहीं, राजीव थापा भी टैक्सी ड्राइवर है और हादसे के समय टैक्सी चला रहा था। टैक्सी ड्राइवर राजीव थापा को पुलिस ने शक के आधार पर हिरासत में लिया है। उधर, सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज छानबीन शुरू कर दी है। हादसे के सभी घटनास्थलों पर पुलिस टीम ने जांच की है। साथ ही सीसीटीवी जुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस पूछताछ में थापा ने बताया कि वह और जसविंदर चीलगाड़ी होकर घर जा रहे थे तो यह हादसा हो गया। दूसरी ओर से आ रही गाड़ी की टक्कर से यह घटना हुई है। वह इतना सहम गया कि उसने जसविंदर को टैक्सी से फेंका और टैक्सी को सुधेड़ गांव में जाकर खड़ा कर दिया, लेकिन हादसा किस गाड़ी से हुआ, यह उसे याद नहीं है। पुलिस चीलगाड़ी व शहीद स्मारक की ओर जाने वाली सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है और न ही किसी अन्य गाड़ी वाले ने पुलिस को इस हादसे की जानकारी दी है।