महिलाओं ने फूंक दिया शराब ठेका, तीन दिन से कर रही थीं विरोध
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महिलाओं ने शराब के ठेके को आग लगा दी। महिलाएं पिछले तीन दिन से ठेके का विरोध कर रही थीं। मामला हिमाचल के बिलासपुर जिले का है। विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी में महिलाओं ने शराब के ठेके को आग लगा दी। महिलाएं पिछले तीन दिन से ठेके का विरोध कर रही थीं।
नयनादेवी मंदिर में माथा टेकने आईं श्रद्धालु महिलाओं ने भी स्थानीय महिलाओं का साथ दिया। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड के कर्मचारी आग बुझाने में जुट गए। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। इसी बीच, गुस्साई महिलाओं ने चेतावनी दी है कि अगर यहां दोबारा से ठेका खोला गया तो इसे फिर से जला दिया जाएगा।
महिलाएं पिछले तीन दिन से श्री नयनादेवी रोप-वे के समीप शराब का ठेका खोलने का विरोध कर रही थीं। पंजाब, हिमाचल, हरियाणा से मां के दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालु भी ठेके का विरोध कर रहे थे। ठेकेदार ने रोप-वे के पार्किंग क्षेत्र में यह ठेका खोला था।
केवल स्टोर खोलने की अनुमति थी, ठेकेदार बेचने लगा शराब
इसकी उसके पास अनुमति तक नहीं थी। उसे यहां केवल स्टोर खोलने की अनुमति थी, लेकिन ठेकेदार ने यहां शराब बेचना शुरू कर दिया था। इसका रोप-वे प्रबंधन, स्थानीय पंचायतों, महिला मंडलों और श्रद्धालुओं ने विरोध किया।
बुधवार को तीसरे दिन भी ठेके को बंद करने के लिए प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की तो गुस्साई महिलाओं ने ठेके को आग के हवाले कर दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात था।
नयनादेवी के डीएसपी बलदेव दत्त ने भी लोगों को समझाने की कोशिश की। महिला मंडल प्रधान चंचला देवी, घवांडल पंचायत प्रधान मीना ठाकुर के नेतृत्व में महिलाओं ने प्रदर्शन और नारेबाजी की।
यूपी से आए श्रद्धालु कमल शर्मा, सुधीर पांडे, मोनिका ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर शराब ठेके बंद होने चाहिए। प्रशासन और पुलिस की कर्त्तव्य बनता है कि श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस न पहुंचे और ठेके कम से कम मंदिर से 10 किलोमीटर तो दूर ही रहे।
डीएसपी नयनादेवी बलदेव दत्त ने कहा कि जांच में पता चला है कि यहां स्टोर खोलने की अनुमति ठेकेदार को दी गई है, लेकिन उसने यह ठेका खोला है। ठेकेदार को निर्देश दे दिए गए हैं कि इसे यहां से हटा लिया जाए।