सुविधा ऐप के माध्यम से भी ले सकेंगे चुनाव प्रचार संबंधी मंजूरी: देवेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश के पच्छाद और धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में 21 अक्तूबर को होने वाले उपचुनाव के दौरान चुनाव व्यय अनुश्रवण के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी देवेश कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस बैठक के दौरान सीईओ ने सभी राजनीतिक दलों को आदर्श चुनाव आचार संहिता का शत प्रतिशत अनुपालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजनीतिक दलों को अपने स्टार प्रचारकों की सूची 29 सितंबर तक प्रस्तुत करने को कहा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में जानकारी दी कि उम्मीदवार चुनावी रैली, जनसभाओं, वाहनों के प्रयोग तथा विभिन्न अन्य सभी चुनाव प्रचार संबंधी स्वीकृतियां सुविधा ऐप के माध्यम से भी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों से उम्मीदवार की ओर से नामांकन भरने के दिन केवल तीन वाहन और अधिकतम पांच व्यक्तियों को अपने साथ आरओ कार्यालय लाने को कहा।
देवेश कुमार ने बताया कि उम्मीदवार या उसके द्वारा प्राधिकृत व्यक्ति को चुनाव प्रचार अभियान के दौरान व्यय रजिस्टर को कम से कम तीन बार संबंधित चुनाव व्यय पर्यवेक्षक के सामने पेश करना होगा। साथ ही राजनीतिक दलों को निर्देश दिए कि पोलिंग एजेंट नियुक्त करने के दौरान इस बात का ध्यान रखें कि वह उसी मतदान केंद्र का मतदाता हो। इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी के हीरा नंद कश्यप, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के यशपाल तनाइक, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के गुरदेव नेगी तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के मुकेश शर्मा ने अपनी-अपनी पार्टी के प्रतिनिधि के रूप में बैठक में भाग लिया।
इस बैठक में अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी रूपाली ठाकुर, दलीप नेगी के अतिरिक्त हिमाचल निर्वाचन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।