{"_id":"61ae47e2608455100c144237","slug":"when-the-cleanliness-ranking-fell-the-seventh-grade-student-ishanvi-thakur-worried-took-up-the-task-of-cleaning","type":"story","status":"publish","title_hn":"बिलासपुर: स्वच्छता रैंकिंग गिरी तो चिंतित सातवीं कक्षा की छात्रा ने उठा लिया सफाई का बीड़ा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बिलासपुर: स्वच्छता रैंकिंग गिरी तो चिंतित सातवीं कक्षा की छात्रा ने उठा लिया सफाई का बीड़ा
Tue, 07 Dec 2021 05:00 AM IST
Krishan Singh
संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
Published by: Krishan Singh
Updated Tue, 07 Dec 2021 05:00 AM IST
सार
सातवीं कक्षा की छात्रा इशानवी ठाकुर का कहना है कि कोठी चौक के आसपास पिछले कुछ सालों में औद्योगिक गतिविधियां तो बढ़ गई हैं, लेकिन यहां पर कूड़े की डंपिंग और इसके निपटारे के लिए कोई प्रावधान नहीं किया गया है। औद्योगिक इकाई वाले लोग कोठी चौक के आसपास के नालों में कूड़े के ढेर लगा रहे हैं।
विज्ञापन
सातवीं कक्षा की छात्रा ने उठा लिया सफाई का बीड़ा
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
स्वच्छता रैकिंग में हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर के पिछड़ने के बाद सातवीं कक्षा की छात्रा चिंतित है। दो पंचायतों में स्वच्छता अभियान को सही तरीके से सिरे चढ़ाने के लिए यह बेटी आगे आई है। तलवाड़ा गांव की एक बिटिया ने बल्ह भुलवाणा और चांदपुर ग्राम पंचायत के कोठी चौक में फैले कूड़े की फोटो लेकर स्थानीय ग्राम पंचायत से इसका निपटारा करने का आग्रह किया है। बिटिया की इस मुहिम में स्थानीय लोग भी इसका हौसला बढ़ाने आगे आ रहे हैं।
विज्ञापन
सातवीं कक्षा की छात्रा इशानवी ठाकुर का कहना है कि कोठी चौक के आसपास पिछले कुछ सालों में औद्योगिक गतिविधियां तो बढ़ गई हैं, लेकिन यहां पर कूड़े की डंपिंग और इसके निपटारे के लिए कोई प्रावधान नहीं किया गया है। औद्योगिक इकाई वाले लोग कोठी चौक के आसपास के नालों में कूड़े के ढेर लगा रहे हैं। इसका कारण यह है कि उनके पास कूड़ा फेंकने के लिए कोई अन्य जगह नहीं है। जिस कारण नालों समेत यहां का सारा वातावरण खराब हो रहा है। लोगों से जब इस बारे में बात हुई तो उनका कहना था कि गीले कूड़े को तो गड्ढा खोदकर दबा देंगे, लेकिन सूखे कूड़े के निष्पादन के लिए पंचायत स्तर पर प्रावधान होना चाहिए।
विज्ञापन
इशानवी की बातों को गंभीरता से लेते हुए डॉ. अजय शर्मा, अतुल गुप्ता, अंजू गुप्ता, जगदंबे ठाकुर, अंजना ठाकुर, बंदना शर्मा, सुनीता शर्मा, संजीव कुमार, कपिल ठाकुर, भास्कर आनंद, महेंद्र सिंह चंदेल, अजय चंदेल, मीनाक्षी, राजबाला, अंकित, राजीव वर्मा ने उसकी इस मुहिम से जुड़ने का फैसला लिया है। इनका कहना है कि किसी ने भी इससे पहले इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया। बिटिया ने जब उन्हें इस गंदगी के फोटो दिखाए और इसके दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक किया तो उन्हें समझ आया कि आने वाले समय में यह गंदगी कितनी नुकसानदायक होगी। ग्राम पंचायत प्रधान रजनीश ठाकुर ने कहा कि कोठी चौक का कुछ क्षेत्र उनकी पंचायत में आता है। बाकी का क्षेत्र चांदपुर पंचायत में पड़ता है। अगर उनकी पंचायत में ऐसी स्थिति होगी तो इसका समाधान किया जाएगा।
विज्ञापन
ग्राम पंचायत चांदपुर की प्रधान ललिता कुमारी ने कहा कि स्थानीय लोगों को प्रवासी लोगों को किराये पर कमरे दे रखे हैं जो सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैला रहे हैं। पूर्व पंचायत प्रधान ने पहले भी मकान मालिकों को नोटिस जारी किए थे कि कूड़े-कचरे का निष्पादन सही तरीके से करवाएं। अब 9 दिसंबर को पंचायत की बैठक में इस मुद्दे को उठाया जाएगा और प्रस्ताव पारित किया जाएगा।