हिमाचल: भारी बारिश से स्कूल भवन क्षतिग्रस्त, प्रदेश भर में 48 सड़कें बंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में कमजोर चल रहे मानसून के बीच शुक्रवार को मंडी जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। जिले में एक स्कूल भूस्खलन होने से क्षतिग्रस्त हो गया है। शुक्रवार को हिमाचल में 48 सड़कें बंद रहीं। राजधानी शिमला में दिन भर हल्की बारिश का दौर जारी रहा। धर्मशाला, सोलन, कांगड़ा, डलहौजी और मनाली में भी बादल बरसे। रोहतांग समेत ऊंची चोटियों पर लगातार तीसरे दिन भी बर्फबारी हुई। कुल्लू जिला में ब्यास नदी उफान पर है। मनाली और बंजार में 22 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने नौ अगस्त को प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पूरे प्रदेश में 13 अगस्त तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। कम बारिश होने से शिमला सहित प्रदेश भर में उमस बढ़ गई है। मैदानी जिलों के पारे में बढ़ोतरी भी दर्ज हुई है। बारिश के चलते भूस्खलन होने से मंडी में खुड्डी स्कूल का पुराना भवन जमींदोज हो गया है। स्कूल में रखे डेस्क सहित अन्य सामान दब गया है। स्कूल के नए भवन पर भी खतरा मंडराने लगा है। नए स्कूल भवन में रखे रिकॉर्ड को वहां कार्यरत शिक्षक ने स्थानीय युवाओं की मदद से सुरक्षित जगह शिफ्ट कर दिया है।
जिला कुल्लू में गुरुवार रात को भी तेज बारिश हुई। सुबह तक हुई बारिश से जिला का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। ब्यास नदी भी उफान पर बह रही है। जिला में आधा दर्जन सड़कें ठप पड़ी हुई हैं। रोहतांग दर्रा के साथ ऊंची चोटियों में ताजा बर्फ के फाहे गिरने से लाहौल में तापमान में गिरावट आई है। मनाली-लेह मार्ग में भी मलबा व पत्थर गिर रहे हैं। उपमंडल नूरपुर के तहत कंडवाल में सड़क पर खड़े ट्रक पर पेड़ गिरने से एनएच-154 करीब एक घंटा बंद रहा। मंडी जिला के अधिकांश क्षेत्रों में हुई बारिश से करीब तीन दर्जन सड़कें प्रभावित हुई हैं। शुक्रवार दोपहर तक इन सड़कों पर यातायात बहाल कर दिया गया। सबसे अधिक नुकसान धर्मपुर और लड़भड़ोल में आंका गया है। शुक्रवार को ऊना में अधिकतम तापमान 37.8, भुंतर में 35.2, मंडी में 34.3, सुंदरनगर में 33.5, बिलासपुर में 32.1, हमीरपुर में 31.9, नाहन में 31.8, सोलन में 31.5, कांगड़ा में 29.3, पालमपुर में 27.3, धर्मशाला में 26.4, मनाली में 26.8, शिमला में 25.8, कल्पा में 25.7 और केलांग में 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।