{"_id":"5ef8bee78ebc3e432462755d","slug":"virbhara-singh-and-pandit-sukhram-supporters-passed-proposal-of-indiscipline-against-letter-bomb-conspiracy","type":"story","status":"publish","title_hn":"पत्र बम फोड़ने वालों के खिलाफ सुखराम-वीरभद्र समर्थकों ने पारित किया अनुशासनहीनता का प्रस्ताव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पत्र बम फोड़ने वालों के खिलाफ सुखराम-वीरभद्र समर्थकों ने पारित किया अनुशासनहीनता का प्रस्ताव
Sun, 28 Jun 2020 09:32 PM IST
अरविन्द ठाकुर
अमर उजाला नेटवर्क, मंडी
अमर उजाला नेटवर्क, मंडी
Published by: अरविन्द ठाकुर
Updated Sun, 28 Jun 2020 09:32 PM IST
विज्ञापन
कांग्रेस
लंच डिप्लोमेसी के बाद पत्र बम ने कांग्रेस में सियासत गरमा दी है। मुख्यमंत्री के गृह जिला में भाजपा को घेरने का दम भरने वाली कांग्रेस ने अब अपनों को ही घेरना शुरू कर दिया है। रविवार को मंडी में शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद एक बैठक की गई। बैठक सुखराम के पोते आश्रय शर्मा ने बुलाई थी। इसमें पंडित सुखराम व वीरभद्र समर्थकों ने सोनिया गांधी को पत्र भेजने वालों और लंच डिप्लोमेसी कर प्रदेशाध्यक्ष को घेरने वालों के खिलाफ अनुशासनहीनता का प्रस्ताव पारित कर दिया।
विज्ञापन
सरकार को निशाना बनाने के बजाय कौल सिंह और उनके समर्थक निशाने पर रहे। बैठक में कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी सहित मंडी के अलावा कुल्लू जिले से भी पंडित सुखराम के समर्थकों के साथ-साथ वीरभद्र समर्थक व ब्लॉक कांग्रेस के प्रधान शामिल रहे। कौल सिंह ने इस बैठक से पूरी तरह से किनारा किया। पत्रकारों से बातचीत में पत्र बम को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रकाश चौधरी ने माना कि इस बैठक में पत्र भेजने वालों व अलग से बैठक करके प्रदेशाध्यक्ष की खिलाफत करने वालों के खिलाफ अनुशासनहीनता का प्रस्ताव पारित किया गया जिसे प्रदेश कांग्रेस को भेजा जाएगा।
विज्ञापन
कई वरिष्ठ नेता सोहन लाल, लाल सिंह कौशल, पवन ठाकुर, पूर्व मंत्री मनसा राम, जगदीश रेड्डी के नदारद रहने के सवाल पर जिला प्रधान ने कहा कि वह क्यों नहीं आए इस बारे में पता नहीं। उन्होंने कहा कि हर कांग्रेसी को अपनी बात रखने का अधिकार है मगर यह पार्टी के अंदर ही होना चाहिए। इस समय सबको साथ मिल कर चलने की जरूरत है, मगर अनुशासन में रह कर ही पार्टी को मजबूत किया जा सकता है।
विज्ञापन
इन्होंने उठाई कार्रवाई की मांग
मुख्य रूप से पूर्व मंत्री रंगीला राम राव, पूर्व विधायक मस्त राम, मिल्कफेड के पूर्व चेयरमैन चेत राम, आश्रय शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष शशि शर्मा, वीरेंद्र सूद, केशव नायक, अलकनंदा हांडा, कुल्लू से देवेंद्र नेगी, बंजार से दुश्यंत, मंडी से दामोदर चौहान, देवेंद्र शर्मा, नानक चंद भारद्वाज, ब्रहमदास चौहान, रमेश ठाकुर, हरेंद्र सेन, डॉ. विजय कपिल आदि वरिष्ठ कांग्रेसी बैठक में मौजूद रहे। बैठक में अधिकांश वक्ताओं ने कौल सिंह को निशाने पर लेते हुए उनके साथ बैठकें करने वालों व पत्र लिखने वालों के खिलाफ अनुशासनहीनता की कार्रवाई करने की मांग उठाई।
जिला मंडी कांग्रेस नीरज भारती के साथ
जिला कांग्रेस प्रधान प्रकाश चौधरी ने कहा कि पूरी जिला कांग्रेस नीरज भारती के साथ है। सरकार ने उसे राजनीतिक द्वेष की भावना से जेल में डाला है। लोकतंत्र में सबको अपनी बात रखने का अधिकार है और नीरज भारती ने भी इसी अधिकार के तहत अपनी बात रखी है। उन्होंने सरकार को चेताया कि यदि नीरज भारती को छोड़ा नहीं गया तो पूरी कांग्रेस सड़कों पर आंदोलन करेगी।
30 जून से 4 जुलाई तक होगा प्रदर्शन
पूर्व मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रंगीला राम राव ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी करके केंद्र सरकार ने आम जनता पर बोझ डाला है। इससे महंगाई बढ़ेगी। कांग्रेस इसकी खिलाफत करेगी और 30 जून से लेकर 4 जुलाई तक उपमंडल स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे व मूल्य वृद्धि के विरोध में ज्ञापन भेजे जाएंगे।
वापस लौट आया: कौल सिंह
पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि पार्टी की बैठक के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है और न ही कोई बुलावा था। कुछ कांग्रेसियों को धाम का निमंत्रण का था लेकिन वहां पर जाने पर हकीकत पता चलने के बाद वह वापस लौट आए। अभी मैं कहीं बाहर हूं और मामले की पूरी जानकारी लेने के बाद ही कुछ कह पाऊंगा।