सीएम बोले- हिमाचल भाजपा को पसंद नहीं करते मोदी, इसीलिए कुछ नहीं दिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि देश के वित्त मंत्री उनके पीछे पड़े हुए हैं। वह मेरे खिलाफ साजिश और षडयंत्र रच रहे हैं। यही वजह है कि मुझे कानूनी सलाह लेनी पड़ रही है। लेकिन मेरे भी दो हाथ हैं और अपनी रक्षा करना खुद जानता हूं।
शुक्रवार को ऊना के जिला स्तरीय हरोली उत्सव का शुभारंभ करने पहुंचे सीएम ने पिछले दिनों पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा उन पर दिए गए बयान के जवाब में यह कहा। उन्होंने कहा कि उनका चरित्र बेदाग और साफ है।
अगर उन पर कोई हमला करे तो खुद को डिफेंड करना तो पड़ता है। वहीं, उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा रैली में हिमाचल के लिए कोई बड़ी घोषणा न करने पर कहा कि पीएम स्थानीय भाजपा को तवज्जो नहीं देते, न ही पसंद करते हैं।
इसलिए प्रदेश को कुछ देकर नहीं गए। प्रधानमंत्री की रैली कुछ ऐसी रही कि वो आए और चले गए। इसमें कुछ भी विशेष नहीं था। कुल मिलाकर प्रधानमंत्री का दौरा प्रदेश के लिए निराशाजनक रहा। इसमें स्थानीय भाजपा की असफलता झलकती है।
सीएम ने कहा कि मेले प्रदेश की संस्कृति के वाहक हैं। इससे जहां प्रदेश की संस्कृति विशेष को पहचान और संरक्षण मिलता है वहीं, युवा प्रतिभाओं को आगे आने के लिए मंच भी। सीएम ने हरोली के बढेड़ा में हजारों महिलाओं द्वारा प्रस्तुत किए गिद्दा नृत्य में शिरकत की।
उसके बाद उन्होंने हरोली में प्रदर्शनियों का अवलोकन करने के लिए हरोली में मिनी सचिवालय व निर्माणाधीन रामपुर-हरोली पुल का निरीक्षण किया। सीएम ने हरोली उत्सव की पहली संध्या में बतौर मुख्यातिथि भी शिरकत की। उनके साथ उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री व अन्य मौजूद रहे।
हजारों महिलाओं ने पेश किया गिद्दा, सीएम बने साक्षी
ऊना जिले के कोने-कोने से आईं हजारों महिलाओं ने शुक्रवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के बढेड़ा में गिद्दे की थाप पर थिरकना शुरू किया तो पूरा माहौल में एक मस्ती और रोमांच से भर गया। प्रदेश में महिलाओं की सबसे बड़ी एनजीओ स्वां वूमेन फेडरेशन के बैनर तले हजारों महिलाओं ने दशहरा उत्सव में आयोजित कुल्लवी नाटी की तर्ज पर मैगा गिद्दा डालकर अपने आप में देश भर में एक अनूठा रिकॉर्ड बना डाला।
उनका यह रिकॉर्ड हरोली उत्सव के शुभारंभ अवसर को यादगार बना गया। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी हजारों महिलाओं को एक साथ परंपरागत उल्लास से गिद्दा डालते देख रोमांचित हो उठे। हरोली उत्सव में शामिल हजारों लोग भी इस यादगार इवेंट के साक्षी बने। मैगा गिद्दा इवेंट को हरोली उत्सव में शामिल करने की परिकल्पना उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की थी।
इनकी इस परिकल्पना को साकार करने के लिए स्वां वूमेन फेडरेशन आगे आई, जो महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए सक्रिय प्रदेश भर में महिलाओं की सबसे बड़ी एनजीओ है। शुक्रवार सुबह से ही आयोजन स्थल बढेड़ा में गिद्दा इवेंट को यादगार बनाने और इसमें शामिल होने के लिए महिलाओं के कारवां यहां पहुंचना शुरू हो गए थे। आलम यह था कि बढेड़ा का विशाल ग्राउंड भी हजारों महिलाओं के आगे छोटा पड़ गया।