हिमाचल के 13 डिग्री कॉलेजों को दो-दो करोड़ की ग्रांट मंजूर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत प्रदेश के 13 डिग्री कॉलेजों को दो-दो करोड़ रुपये की इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रांट मंजूर की है। सोमवार को दिल्ली में हिमालयन राज्यों और नार्थ ईस्ट राज्यों के लिए हुई प्रोजेक्ट अप्रूवल बोर्ड की 13वीं बैठक में ग्रांट देने का फैसला लिया गया।
2.5 से कम नैक स्कोर वाले कॉलेजों को पहली बार केंद्र सरकार ने इंफरास्ट्रक्चर ग्रांट देने का फैसला लिया है। इसके अलावा डीएवी कॉलेज कोटखाई को मॉडल कॉलेज बनाने के लिए केंद्र ने चार करोड़ की ग्रांट मंजूर की है।
इन कॉलेजों को मिली ग्रांट, ऐसे होगी खर्च
प्रोजेक्ट अप्रूवल बोर्ड की बैठक में हिमाचल की ओर से शिक्षा सचिव डॉ. अरुण कुमार शर्मा और रूसा कोआर्डिनेटर गोपाल संधाइक मौजूद रहे। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय के सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश के 13 डिग्री कॉलेजों अंब, देहरी, नादौन, कोटशेरा, बंगाणा, घुमारवीं, दौलतपुर चौक, रिकांगपिओ, भोरंज, बंजार, बिटन, हरीपुर मनाली और करसोग को दो-दो करोड़ की ग्रांट मंजूर हुई है।
इस ग्रांट को कॉलेजों में नए कमरे, हॉल बनाने, वाईफाई सुविधा देने, खेल मैदान बनाने, सौंदर्यीकरण, लैब बनाने, नए उपकरण लेने, स्मार्ट क्लास रूम बनाने, नई पुस्तकें लेने पर खर्च किया जा सकेगा। हिमालयन और नार्थ ईस्ट राज्यों के लिए केंद्र सरकार ने पहली बार पीएबी की बैठक की है। इससे पूर्व 2.5 से अधिक नैक स्कोर वाले कॉलेजों को ही केंद्र सरकार ग्रांट देती थी।