लकड़ी पकड़ रहे दो युवक सतलुज नदी में बहे
पुलिस थाना कुमारसैन के तहत आने वाले सिंगापुर क्षेत्र में सतलुज नदी में लकड़ियां पकड़ रहे दो युवक बह गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने सतलुज के किनारे सर्च ऑपरेशन छेड़ रखा है।
खबर लिखे जाने तक दोनों के बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस थाना कुमारसैन से मिली जानकारी के अनुसार एनएच पांच पर सिंगापुर में सतलुज नदी में शनिवार दोपहर को क्षेत्र के कुछ लोग नदी में बहकर आ रही लकड़ियों को पकड़ने में जुटे हुए थे।
इस दौरान दो युवक लकड़ियां पकड़ते पकड़ते तेज बहाव में बह रही नदी की चपेट में आ गए। इनकी पहचान चंद्रमोहन (42), पुत्र बिशन दास और नरेश (33) पुत्र हेमराज कायथ के रूप में हुई है। यह दोनों ननखड़ी खंड के नरोल गांव बताए जा रहे हैं।
प्रशासन की मनाही के बाद भी नियम तोड़ रहे लोग
इस संबंध में एसएचओ कुमारसैन फूलचंद ने बताया कि सिंगापुर में लकड़ियां पकड़ते समय दो लोग सतलुज नदी में बह गए हैं। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
बरसात के चलते जिला प्रशासन क्षेत्र के लोगों से सतलुज नदी के किनारे न जाने की हिदायत दी जा रही है। अलर्ट के बावजूद भी लोग उफनती सतलुज नदी में लकड़ियां पकड़ रहे हैं।
ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने में प्रशासन और पुलिस नाकाम साबित हो रहे हैं। शनिवार को पेश आया हादसा प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान उठा रहा है।