बैंडबाजा और बाराती तैयार, बर्फ में फंसे दो दूल्हों का है इंतजार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कार्ड बंट चुके हैं। लेकिन परिवार वालों को अब बर्फ में फंसे दो दूल्हों का इंतजार है। कुछ समय के लिए शीत मरुस्थल के बने हालात दो दूल्हों को लौटने ही नहीं दे रहे। युवराज और देवेंद्र को ऐसे हालात से जूझना पड़ेगा, ऐसी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी।
दरअसल, मंडी के युवराज कृषि विभाग में कार्यरत हैं। उनकी पांच फरवरी को शादी होनी है। वहीं विद्युत बोर्ड करगा में कनिष्ठ अभियंता पद पर तैनात देवेंद्र की शादी सात फरवरी को है। दोनों की शादी के कार्ड बंट चुके हैं और तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं।
लेकिन जनजातीय इलाके में ड्यूटी करते हुए दोनों ही बर्फ में फंस गए हैं। रोहतांग दर्रा बंद है। आवाजाही का एकमात्र माध्यम हवाई उड़ान है जो खराब मौसम में नहीं हो पा रही है। रोहतांग टनल से भी आवाजाही की मनाही है।
अभी साफ नहीं होगा मौसम
ऐसे में दोनों ही दूल्हे राजा आसमान पर मौसम की करवट पर टकटकी बांधे हुए हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार घाटी में तीन फरवरी तक मौसम खराब रहने की संभावना है। इससे युवराज और देवेंद्र की धड़कनें तेज हो गई हैं।
उधर, दोनों के परिजन भी चिंतित हैं। यदि समय रहते मौसम नहीं खुला तो शादी कैसे हो पाएगी। दोनों युवकों के घाटी से बाहर निकलने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन वे इसमें सफल होते नहीं दिखाई दे रहे। वीरवार को डाइट के लिए हेलीकॉप्टर की उड़ान होनी थी लेकिन खराब मौसम के कारण उड़ान नहीं सकी।
खराब मौसम में नहीं हो रही उड़ान
उड़ान समिति के प्रभारी प्रताप ने बताया कि हेलीकॉप्टर में प्राथमिकता के आधार पर उन्हें घाटी से बाहर भेजने की कोशिश की जा रही है। खराब मौसम और बर्फबारी के कारण उड़ान नहीं हो पा रही है।