नारकंडा और सुन्नी में सड़क हादसे, अध्यापक समेत दो लोगों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थाना सुन्नी के तहत सुन्नी-लूहरी सड़क मार्ग पर जशी भराला के पास कार हादसे में एक अध्यापक की मौत हो गई। शिक्षक शिमला शहर के लक्कड़ बाजार डीएवी स्कूल में कंप्यूटर शिक्षक था। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक कार में दो लोग सवार थे। दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान सुरेश वर्मा निवासी गढाऊ हिमरी पंचायत के रूप में हुई है जबकि उसके साथ कार में सवार देवेंद्र निवासी गढाऊ घायल हो गया। हादसे की सूचना पुलिस को स्थानीय लोगों ने दी। इस पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर लोगों की मदद से दोनों को सुन्नी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने सुरेश वर्मा (39) को मृत घोषित कर दिया। घायल देवेंद्र को प्राथमिक उपचार देकर आईजीएमसी रेफर किया है। यहां उसका उपचार चल रहा है।
थाना प्रभारी जयदेव शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के शव का रविवार को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने हादसे का मामला दर्जकर इसके कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मृतक सुरेश वर्मा डीएवी लक्कड़ बाजार में शिक्षक के पद पर तैनात था और अपने रिश्ते के भाई के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए खेरा आया थे। इसी दौरान सुन्नी-लूहरी सड़क मार्ग पर जशी भराला के पास कार अनियंत्रित होकर लुढ़क गई। सुरेश वर्मा अपने पीछे पत्नी और दो बच्चे छोड़ गया है।
स्कूल के आईटी हेड थे सुरेश
डीएवी लक्कड़ बाजार स्कूल की प्रधानाचार्य कामना बेरी ने कहा कि सुरेश वर्मा के निधन से स्कूल को भारी क्षति हुई है। वह काफी मिलनसार व्यक्ति थे। उन्होंने बताया कि स्कूल खुलने पर सुरेश वर्मा के निधन पर शोक सभा रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। बताया कि सुरेश स्कूल के आईटी हेड थे। कंप्यूटर से संबंधित सारा कामकाज वही देखते थे।
वहीं कुमारसैन थाना के तहत नारकंडा के समीप फिरनू मोड़ पर शुक्रवार रात को एक पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हुई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार जीप नारकंडा से कौंथडी की तरफ जा रही थी। जैसे ही गाड़ी फिरनू मोड़ पर पहुंची तो चालक गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिरी गई। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पिकअप गाड़ी नबंर एचपी 62-4660 देर रात नारकंडा से कौंथडी की ओर जा रही थी कि फिरनू मोड़ पर गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में संजीव डोगरा (36) पुत्र अमर चंद गांव कनलोट, डाकघर नारकंडा कुमारसैन की मौके पर ही मौत हुई। जबकि चालक परविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया है।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल को उपचार के लिए ठियोग अस्पताल पहुंचाया। उधर, डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पिकअप हादसे में मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।