हिमाचल के इतने लाख लोगों को होगा ‘आयुष्मान’ का फायदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से प्रदेश के 22 लाख लोग लाभान्वित होंगे। योजना के तहत 94 फीसदी डाटा अपलोड कर दिया गया है। सीएम ने कहा कि इस क्षेत्र में हिमाचल देशभर में सातवें स्थान पर है।
योजना कार्यान्वयन एजेंसी नियुक्त की जा चुकी है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के शत-प्रतिशत गणना गांवों का विद्युतीकरण कर लिया गया है। सौभाग्य योजना के अंतर्गत 13,156 विद्युत कनेक्शन देने के लक्ष्य के मुकाबले 6101 कनेक्शन दिए गए हैं।
शेष 7,055 कनेक्शन इस वर्ष अक्तूबर माह के अंत तक नवविकसित बस्तियों में दिए जाएंगे। शनिवार को केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश में उज्ज्वला योजना के तहत पात्र परिवारों को 73,074 एलपीजी कनेक्शन दिए गए हैं।
अन्य सभी पात्र व्यक्तियों को 2019 से पूर्व कनेक्शन दिए जाएंगे। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत वृद्धावस्था पेंशन के लिए बिना आय सीमा के आयु को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष करने के सरकार के निर्णय से प्रदेश के 1.14 लाख वृद्धजन लाभान्वित हुए हैं।
अक्तूबर तक बनेंगे 2863 आवास
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण-शहरी आवासीय योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में 7385 आवासों के निर्माण का लक्ष्य रखा है, जिनमें से 4522 का निर्माण कर लिया गया है। शेष 2863 का निर्माण कार्य अक्तूबर 2018 तक कर लिया जाएगा।
सीएम ने कहा कि हिमाचल को इस योजना के कार्यान्वयन के लिए देशभर में दूसरे स्थान पर आंका गया है। कांगड़ा जिला को योजना के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार से नवाजा गया है। शहरी आवासीय योजना के अंतर्गत इस वित्त वर्ष के दौरान 1390 घरों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्य सचिव विनीत चौधरी, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी, अतिरिक्त मुख्य सचिव बीके अग्रवाल, रामसुभग सिंह, तरुणकपूर,
प्रधान सचिव ओंकार शर्मा, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव संजय कुंडू, सचिव डॉ. आरएन बत्ता, अर्थ एवं सांख्यिकी सलाहकार प्रदीप चौहान, निदेशक खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मदन चौहान आदि बैठक में उपस्थित रहे।