Bilaspur News: एसीसी प्लांट, कॉलोनी के रास्तों पर गुरुवार को धरना देंगे ट्रक ऑपरेटर
बिलासपुर जिले के बरमाणा के ट्रक ऑपरेटरों ने आंदोलन की आगामी रणनीति बना ली है। गुरुवार को ट्रक ऑपरेटर बरमाणा स्थित बीडीटीएस भवन से लेकर एसीसी कॉलोनी तक रैली निकालकर प्रदर्शन करेंगे।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के बरमाणा के ट्रक ऑपरेटरों ने आंदोलन की आगामी रणनीति बना ली है। गुरुवार को ट्रक ऑपरेटर बरमाणा स्थित बीडीटीएस भवन से लेकर एसीसी कॉलोनी तक रैली निकालकर प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद प्लांट और कॉलोनी के रास्तों पर धरना दिया जाएगा। अदाणी समूह के अधिकारियों ने वीरवार को बीडीटीएस पदाधिकारियों को एक बार फिर वार्ता के लिए बुलाया, लेकिन बीडीटीएस के पदाधिकारियों ने वार्ता करने से मना कर दिया। बीडीटीएस भवन में हुए अधिवेशन में निर्णय किया गया कि अब आंदोलन में महिला ट्रक ऑपरेटरों को भी शामिल होने का न्योता दिया जाएगा। बीडीटीएस भवन में वीरवार को हुए अधिवेशन में सैकड़ों ट्रक ऑपरेटर एकत्रित हुए। अधिवेशन को बीडीटीएस के पदाधिकारियों ने संबोधित किया। प्रधान राकेश ठाकुर ने कहा कि प्लांट को बंद हुए 55 दिन हो चुके हैं।
ट्रक ऑपरेटर मालभाड़ा भी कम कर चुके हैं, लेकिन अभी कोई परिणाम सामने नहीं आया है। अब अदाणी समूह के साथ आमने-सामने की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने सभी ट्रक ऑपरेटर से वीरवार को धरने में शामिल होने का आग्रह किया। महासचिव प्रदीप ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री का मान-सम्मान रखते हुए ट्रक ऑपरेटर 10.20 रुपये मालभाड़ा लेने पर तैयार हुए थे, लेकिन अब मालभाड़े पर सहमति बनाने का समय खत्म हो चुका है। अब ट्रक ऑपरेटर 10.20 रुपये मालभाड़ा नहीं लेंगे। अब फार्मूले से तय 12.04 रुपये माल भाड़ा ही लिया जाएगा। सरकार ट्रक ऑपरेटरों के पक्ष में है। मामले को सुलझाने के लिए कोशिश कर रही है। कोषाध्यक्ष सुरेश चौधरी ने कहा कि आंदोलन में अब महिलाओं ट्रक ऑपरेटर को भी शामिल किया जाएगा। वीरवार को बरमाणा में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।