हिमाचल में ट्रकों की हड़ताल जारी, दो दिन में करोड़ों की चपत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में दो दिन से जारी ट्रकों की हड़ताल से करोड़ों रुपये की चपत लगी है। प्रदेश में शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी ट्रक हड़ताल जारी रही। ऊना, बिलासपुर और बीबीएन में ट्रक हड़ताल का काफी असर देखने को मिला।
सेब सीजन को देखते हुए जिला कुल्लू में शनिवार से ट्रक सड़कों पर चल पड़े हैं। शनिवार को घाटी में ट्रकों की आवाजाही सामान्य रही है। जिला कुल्लू में करीब 550 ट्रक हैं।
ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस द्वारा बुलाई गई अनिश्चितकालीन देश व्यापी हड़ताल का समर्थन करते हुए जिला ऊना की तमाम ट्रक यूनियनों ने दूसरे दिन भी गाड़ियां खड़ी रखीं। इसके चलते हिमाचल स्थित औद्योगिक इकाइयों पर भी इसका खासा असर पड़ा है।
औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल, गगरेट और अंब में कई उद्योगों के माल की ढुलाई बुरी तरह प्रभावित हुई है। जिला में ट्रकों के पहिए थमे रहे। ट्रकों की हड़ताल के चलते ट्रक ऑपरेटर्स का काम भी प्रभावित हुआ है।
जिसके चलते उद्योगों में तैयार हुआ माल इकाइयों से निकल ही नहीं पाया और न ही कच्चा माल उद्योगों तक पहुंच पाया। हरियाणा व दिल्ली आने-जाने वाले ट्रकों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई है। ऊना ट्रक यूनियन ने भी हड़ताल का समर्थन करते हुए तमाम ट्रक खड़े रखे हैं।
बीबीएन में हड़ताल से अब तक 400 करोड़ की चपत
एशिया की 35 फीसदी दवाओं का निर्माण करने वाले बीबीएन औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगों को ट्रकों की हड़ताल से दो दिन में ही 400 करोड़ रुपये की चपत लग गई है। यदि यह हड़ताल का क्रम जारी रहा तो उद्योगों का उत्पादन भी ठप्प हो जाएगा।
वहीं, उद्योगों के उत्पादन से जुड़े कर्मचारी व कामगार भी बैठ जाएंगे, क्योंकि ट्रकों के न चलने से पहले ही लोड़िंग अनलोड़िंग की लेबर खाली बैठ चुकी है। प्रदेश की औद्योगिक राजधानी बीबीएन के करीब 2200 उद्योगों में सालाना 85 करोड़ का टर्नओवर होता है, इस लिहाज से प्रतिदिन
करीब 250 करोड़ का टर्नओवर होता है। इसमें से उद्योग यहां आपस में एक दूसरे को करीब 50 करोड़ का माल का आदान प्रदान करते है। करीब 200 करोड़ रुपये प्रतिदिन टर्नओवर के हिसाब से दो दिन में 400 करोड़ की उद्योगों को चपत लग चुकी है।
उद्योगों के पास इंवेंटरी न होने के कारण कच्चा माल भी एक दो दिन में समाप्त हो जाएगा, जिससे उत्पादन भी ठप्प हो सकता है, वहीं तैयार माल डिलीवर नहीं हो सकेगा, जिससे उद्योगों को कई प्रकार के संकट से जूझना पड़ेगा।
बिजली बिलों व जीएसटी भुगतान में झेलनी पड़ेगी दिक्कत उद्योगों को अपने बिजली बिलों के भुगतान और आवश्यक जीएसटी के भुगतान में दिक्कतें झेलनी होगी।
सिरमौर के 900 ट्रक बाहरी राज्यों में फंसे
ट्रकों की देशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रही। इस दौरान सिरमौर ट्रक ऑपरेटर यूनियन समेत विभिन्न ट्रक यूनियनों के तहत चलने वाले ट्रकों के पहिये थमे रहे। सिरमौर ट्रक ऑपरेटर यूनियन के करीब 900 ट्रक देश के विभिन्न राज्यों में फंसे हुए हैं।
ट्रक यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि केंद्रीय और राज्य कमेटी के आह्वान पर हड़ताल जारी है। दो दिन में पांवटा की ट्रक यूनियनों को करीब साठ लाख का नुकसान हो चुका है।
जबकि, सैकड़ों औद्योगिक इकाइयों की आपूर्ति बाधित रहने से दो दिन में ही 40 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है।सिरमौर ट्रक ऑपरेटर यूनियन प्रधान बलजीत सिंह नागरा ने कहा कि शनिवार को दूसरे दिन भी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रही।
इस दौरान सिरमौर ट्रक ऑपरेटर, सतौन, कमरऊ, खोड़ोवाला गिरिपार ट्रक और टैंपो यूनियनों की छोटी-बड़ी गाड़ियां खड़ी रहीं। राष्ट्रीय और प्रदेश यूनियनों के पदाधिकारियों से कोई सूचना नहीं मिली है।