{"_id":"65882bdc8385e59c4a002d23","slug":"tourists-flocking-to-shimla-dharamshala-manali-dalhousie-for-christmas-and-new-year-celebration-2023-12-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"Himachal News: इस साल की प्राकृतिक आपदा के बाद क्रिसमस ने दी राहत, शिमला से लेकर डलहौजी तक सैलानियों से पैक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Himachal News: इस साल की प्राकृतिक आपदा के बाद क्रिसमस ने दी राहत, शिमला से लेकर डलहौजी तक सैलानियों से पैक
Mon, 25 Dec 2023 01:40 PM IST
अरविन्द ठाकुर
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
Published by: अरविन्द ठाकुर
Updated Mon, 25 Dec 2023 01:40 PM IST
सार
सोलन से एनएच-5 से होते हुए शिमला की ओर दो दिन में 21,000 से अधिक वाहन रवाना हुए। इधर, पिछले एक दिन में 16 हजार पर्यटक वाहन और 80 हजार लोग कुल्लू जिल में पहुंचे।
विज्ञापन
रिज मैदान पर उमड़े सैलानी।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
इस साल बरसात के दौरान जुलाई और अगस्त माह में आई आपदा के बाद पहली बार क्रिसमस पर हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल सैलानियों से पैक हो गए हैं। शिमला, मनाली, धर्मशाला और डलहौजी में बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे हैं। अगले एक हफ्ते तक प्रदेश के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार रहने वाले हैं। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी कराेड़ों के कारोबार की उम्मीद है। दिल्ली से आने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें, पर्यटन विकास निगम की बसें और निजी वोल्वो पैक चल रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
कालका-शिमला ट्रैक पर दौड़ने वाली सभी ट्रेनें 5 जनवरी तक के लिए पैक हैं और लंबी वेटिंग चल रही है। भारी संख्या में पर्यटक सड़क मार्ग से भी प्रदेश का रुख कर रहे हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या पेश आ रही है। सोलन के सनवारा टोल प्लाजा और मंडी के पंडोह से मनाली तक लंबा जाम लग रहा है। सोलन से एनएच-5 से होते हुए शिमला की ओर दो दिन में 21,000 से अधिक वाहन रवाना हुए। इधर, पिछले एक दिन में 16 हजार पर्यटक वाहन और 80 हजार लोग कुल्लू जिल में पहुंचे।
रविवार को शिमला के सर्कुलर रोड पर भी वाहन रेंगते नजर आए। जाम से निपटने के लिए शिमला में आज से एक सप्ताह तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। शिमला के रिज मैदान पर पहली बार विंटर कार्निवल का आयोजन हो रहा है। यहां आज से शुरू होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम न्यू ईयर तक चलेंगे। शिमला के ऐतिहासिक चर्च में आज विशेष प्रार्थना सभा आयोजित होगी। प्रदेश के होटलों में क्रिसमस पार्टियों के आयोजन की तैयारी है। हालांकि कसौली और चायल में अपेक्षाकृत कम भीड़ है। सैलानी ऐसे पर्यटन स्थलों को तरजीह दे रहे हैं, जहां आसपास बर्फ के दीदार हो सकें।
फेडरेशन ऑफ ऑल हिमाचल होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर का कहना है कि क्रिसमस पर भारी संख्या में सैलानी राज्य में पहुंचे हैं। मनाली, शिमला, धर्मशाला, डलहौजी में सैलानियों की भारी भीड़ है। अन्य पर्यटन स्थलों पर भी आपदा के बाद पहली बार सैलानियों की संख्या बढ़ी है। ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन के महासचिव मनु सूद ने बताया कि क्रिसमस और न्यू ईयर के बाद नए साल के पहले हफ्ते तक राज्य में पर्यटकों की रौनक बने रहने की उम्मीद है।