मंडी: खाई में गिरी जीप, 3 महिलाओं की मौत, 12 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कलखर-नेरचौक मार्ग पर सिध्याणी के वजीरवायं के पास एक जीप गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में जीप में सवार राजस्थान की अलवर निवासी तीन महिलाओं की मौत हो गई है, जबकि चार बच्चों समेत 12 लोग घायल हो गए हैं। गंभीर रूप से घायल जीप के चालक और अन्य तीन लोगों को सिविल अस्पताल रती से जोनल अस्पताल मंडी के लिए रेफर कर दिया गया है।
चालक लदरौर का निवासी बताया जा रहा है। सभी मृतक और घायल पंजाब के मोगा और राजस्थान के अलवर के रहने वाले हैं। जानकारी के अनुसार ये लोग लदरौर से गोहर की ओर ख्योड़ मेले में दुकानें लगाने जा रहे थे। रविवार को पांच बजे करीब सिध्याणी के पास जीप अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।
हादसे के तुरंत बाद घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों के माध्यम से सिविल अस्पताल रती पहुंचाया गया। यहां पर तीन महिलाओं रूडी देवी पत्नी जीत राम, तारा देवी पत्नी रामदास और रोशनी पत्नी भंडारी रामदास की मौत हो गई।
सभी गांव कैथल सुभाषनगर, तहसील जयपुर जिला अलवर, राजस्थान की रहने वाली हैं। चालक समेत चार घायलों को मंडी रेफर कर दिया है। चालक राजू निवासी लदरौर की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। घायलों की पहचान अलवर, राजस्थान और मोगा पंजाब निवासियों के रूप में हुई है।
हादसे के बाद बीएमओ डॉ. पुष्पराज और तहसीलदार भवानी सिंह मौके पर डटे रहे। एसडीएम किशोरी लाल ने कहा कि मृतकों के परिजनों को राहत राशि दी गई है। गंभीर घायलों को पांच-पांच हजार और कम घायलों को दो-दो हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है।
घायलों की सूची- मोहन (16) पुत्र जीत राम, मुनी लाल पुत्र नौरंग, चांदनी पत्नी मनी राम, सनी (10) पुत्र मनी लाल, बॉबी (7) पुत्र मनी लाल, सपना (21) पत्नी सोनू किशनगढ़ जिला अलवर, राजस्थान, सोनू (25) पुत्र सुरजन, राहुल पुत्र जीत राम, भंडारी पुत्र दीवान चंद, रोहित (3) पुत्र सोनू निवासी मोगा, पंजाब, साजन (16) पुत्र रामदास निवासी इंदिरा कॉलोनी चंडीगढ़ शामिल हैं। चालक राजू निवासी लदरौर, हमीरपुर भी गंभीर रूप से घायल है।
टाइलों के नीचे दबने से दो प्रवासी मजदूरों की मौत
मंडी। शहर से सटे सन्यारड़ी में मार्बल की टाइलों के नीचे दबने से दो प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई है। हादसा शनिवार देर रात पेश आया। मजदूर एक ट्रक से टाइलें उतार रहे थे। इसी दौरान टाइलें फिसल कर मजदूरों के ऊपर गिर गईं।
हादसे में राज कुमार उर्फ राजू (33) पुत्र सरजूब ताते निवासी बिशनपुरा, जिला खगरिया, बिहार और भूटन नाते (25) पुत्र रामचंद निवासी रशोक, जिला खगरिया, बिहार की मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सन्यारड़ी में शनिवार रात को ट्रक से टाइलें उतारी जा रही थीं। इसमें कुछ मजदूर लगे हुए थे। इस दौरान टाइलें फिसली और इसकी चपेट में दो मजदूर आ गए। मजदूरों ने राजू और भूटन को निकाला और गंभीर अवस्था में जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्वास्थ्य विभाग ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सदर थाना प्रभारी सुनील कुमार सांख्यान की अगुवाई में पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और कामगारों के शवों को कब्जे में लिया। इसके बाद पुलिस ने मार्बल उठाते समय मौका पर मौजूद लोगों से मामले में पूछताछ की। सभी के बयान कलमबंद किए गए।
कामगारों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि जब वे मार्बल की टाइलें उतार रहे थे तो अचानक स्लिप होने से मार्बल भूटन और राजू पर गिर गया। थाना प्रभारी सदर सुनील कुमार सांख्यान ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।