मकान की छत गिरी, दो साल की बच्ची समेत तीन की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल की ऑयल ग्राम पंचायत में एक मकान गिरने से दो साल की बच्ची और उसके मां-बाप की मलबे में दबने से मौत हो गई। खेरना गांव में यह दर्दनाक हादसा पेश आया। परिवार के तीनों सदस्यों के शव दूसरे दिन सुबह हादसे की जानकारी लगने के बाद निकाले गए।
मरने वालों की पहचान हाशिम (27), तस्लीमा (26) और उनकी दो वर्षीय बेटी आशिया सभी निवासी गांव खेरना के रूप में हुई है। प्रशासन की ओर से एसडीएम तीसा ने मृतकों के परिजनों को 60 हजार रुपये की फौरी मदद दी है। प्रथम दृष्टया मौत का कारण मलबे में दबना ही बताया जा रहा है लेकिन पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस ने मौके पर ही पोस्टमॉर्टम करा शव परिजनों को सौंप दिए।
जानकारी के अनुसार परिवार का मुखिया हाशिम मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। शुक्रवार को वह रोज की तरह अपने काम के बाद घर पहुंचा। परिवार ने एक साथ खाना खाया। उसके बाद सोने के लिए चले गए।
आधी रात के बाद करीब एक बजे अचानक मकान गिर गया। एक साथ सो रहे तीनों इस मलबे के नीचे दब गए। आसपास के लोगों को हादसे का पता शनिवार सुबह चला। आनन फानन में स्थानीय लोग जमा हुए और मलबा हटाने में जुट गए।
लेकिन मलबा हटाए जाने पर तीनों सदस्य मृत पाए गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों को दी। पंचायत प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन व पुलिस को सूचित किया। प्रशासन व पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम ने शवों को अपने कब्जे में लेकर मेडिकल टीम से मौके पर ही तीनों का पोस्टमॉर्टम कराया।
एसपी चंबा डॉ. मोनिका का कहना है कि तीसा थाने में सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया गया था। हादसे में दो वर्षीय बच्ची और दंपती की मौत हो गई है। हादसे के कारणों की छानबीन की जा रही है।
एसडीएम तीसा हेम चंद वर्मा का कहना है कि सुबह के वक्त स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने सूचना दी थी। प्रभावितों को मौके पर जाकर फौरी राहत जारी कर दी गई है। शवों का पोस्टमॉर्टम करवा दिया गया है।