सरकारी स्कूलों में बदलेगा पढ़ाने का तरीका, सरकार ने लिया बड़ा फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहली से तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले बच्चों को पढ़ाने के तरीके में सरकार बदलाव लाने जा रही है। गणित और अंग्रेजी विषय को अधिक रोचक बनाने और विद्यार्थियों का स्तर सुधारने के लिए दस हजार प्राइमरी स्कूलों में शिक्षकों को एक-एक टीचिंग-लर्निंग मैटीरियल किट देने का फैसला लिया गया है।
संपर्क एनजीओ के माध्यम से यह किट वितरित की जाएंगी। जल्द ही शिक्षा विभाग और संपर्क एनजीओ में इसको लेकर एमओयू हस्ताक्षरित होगा। अंग्रेजी और गणित की पढ़ाई को सरल और प्रभावी बनाने के लिए संपर्क एनजीओ दस हजार स्कूलाें में विशेष किट का निशुल्क आवंटन करेगा। एनजीओ के प्रतिनिधियों के मुताबिक इस विशेष किट के माध्यम से शिक्षकों में क्षमता निर्माण बढ़ेगा।
किट में बच्चों को पढ़ाने के नए तरीके सुझाए गए हैं। किताबों के अलावा अन्य माध्यमों से भी बच्चों का ज्ञान बढ़ाया जाएगा। अंग्रेजी और गणित विषय को लेकर बच्चों में व्याप्त भय की स्थिति को दूर करने में भी मदद मिलेगी।
विशेष किट में यह सामान होगा शामिल
अंग्रेजी विषय की किट में शब्दों के सही उच्चारण के लिए एक वॉयस बॉक्स होगा। इसकी मदद से विद्यार्थियों को शब्दों को बोलना सिखाया जाएगा। रोचक पुस्तकें और कुछ विजुअल सीडी भी दी जाएगी।
गणित विषय की किट में गणित माला, पैटर्न ब्लॉक, राउंड और स्क्वेयर काउंटर, इकाई दहाई सिखाने के लिए सामान, बेस टेन ब्लॉक, समय के बारे में सिखाने के लिए एक घड़ी किट में शामिल होगी।
मुख्यमंत्री के हाथों होगा किट का वितरण
सरकारी स्कूलों में दी जाने वाली विशेष किट का वितरण मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के हाथों होगा। शिक्षा विभाग कार्यक्रम के आयोजन को लेकर इन दिनों मंथन कर रहा है। वीरवार को शिक्षा सचिव डॉ. अरुण कुमार शर्मा के कार्यालय में संपर्क संस्था के प्रतिनिधियों के साथ विभागीय अधिकारियों की बैठक भी हुई।