T20: हिमाचल की महिला और पुरुष क्रिकेट टीमों ने रचा इतिहास, सेमीफाइनल में पहुंचीं
महिलाओं ने सीनियर टी-20 नेशनल और पुरुष टीम सैयद मुश्ताक अली क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहली बार प्रवेश कर लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की महिला और पुरुष क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। महिलाओं ने सीनियर टी-20 नेशनल और पुरुष टीम सैयद मुश्ताक अली क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहली बार प्रवेश कर लिया। दोनों के सेमीफाइनल मैच तीन नवंबर को होंगे। कोलकाता में सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में हिमाचल की पुरुष टीम ने बंगाल को चार विकेट से हराया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए बंगाल की टीम ने छह विकेट पर 199 रन बनाए। हिमाचल की टीम ने चार विकेट शेष रहते हुए 200 रन बनाकर मैच जीत किया। हिमाचल की ओर गेंदबाजी करते हुए केडी सिंह ने सबसे अधिक चार विकेट और ऋषि धवन ने दो विकेट हासिल किए। बल्लेबाजी में एपी वशिष्ठ और निखिल गांगटा की जोड़ी ने पांचवें विकेट के लिए 112 रनों की साझेदारी की। एपी वशिष्ठ ने नाबाद 76 रन और निखिल गांगटा ने 50 रन बनाए।
वहीं सीनियर वुमन टी-20 ट्रॉफी में हिमाचल की टीम ने क्वार्टर फाइनल में आंध्र प्रदेश की टीम को सात विकेट से हराकर सेमीफाइनल में स्थान बनाया। टीम पहली बार इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंची है। टीम की विकेटकीपर सुषमा वर्मा ने अर्ध शतकीय पारी खेलते हुए नाबाद 68 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करते हुए आंध्र प्रदेश की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 114 रन ही बना सकी। हिमाचल की महिला टीम ने 19वें ओवर में जीत हासिल कर ली। गेंदबाजी में हिमाचल की कप्तान हरलीन देओल ने दो विकेट, अनीशा, प्राची और सुष्मिता ने एक-एक विकेट हासिल किया।
हिमाचल की महिला और पुरुष टीम ने मंगलवार को इतिहास रच दिया। पहली बार इन प्रतियोगिताओं के सेमीफाइनल में दोनों टीमों ने प्रवेश किया है। उम्मीद है कि दोनों टीमों विजय अभियान जारी रखेंगी और विजेता बनकर लौटेंगी। -अवनीश परमार, एचपीसीए सचिव।